ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
संपादक प्रवीण सैनी
लखनऊ: नगर निगम लखनऊ ने शहर में लगातार बढ़ते अवैध अतिक्रमण और यातायात बाधाओं को गंभीरता से लेते हुए मंगलवार को एक व्यापक अभियान चलाया। यह कार्रवाई महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल के निर्देश और नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के आदेश पर संचालित की गई। अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रमुख मार्गों, सार्वजनिक स्थलों और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कर नागरिकों को सुगम यातायात उपलब्ध कराना है।
जोन-6 की टीम ने वार्ड चौक बाजार काली जी क्षेत्र में चरक चौराहे से कोनेश्वर चौराहे तक विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान करीब 40 ठेले, 30 अस्थायी दुकानें हटाई गईं। साथ ही अतिक्रमण में प्रयुक्त 4 टेंट वाली मेज, 1 लोहे का स्टूल, 2 प्लास्टिक स्टूल, 6 प्लास्टिक कैरेट, 4 तराजू, 1 इलेक्ट्रॉनिक तराजू, 2 फ्लेक्स बोर्ड और 3 छाते जब्त किए गए।
अभियान के दौरान अतिक्रमणकारियों को सख्त चेतावनी भी दी गई कि पुनः अतिक्रमण की स्थिति में कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही भविष्य में अवैध अतिक्रमण न होने पाए, इसके लिए क्षेत्रीय थानाध्यक्ष को भी पत्र प्रेषित किया गया है, ताकि नियमित निगरानी बनी रहे।
इस कार्रवाई में जोनल अधिकारी श्री मनोज यादव के नेतृत्व में कर अधीक्षक श्री विजय शंकर, क्षेत्रीय राजस्व निरीक्षक सुश्री संगीता गुप्ता, कर निरीक्षक श्री धर्मदोव सहित 296 टीम के सदस्य और क्षेत्रीय पुलिस बल मौजूद रहे।
नगर निगम का मानना है कि लगातार बढ़ते अतिक्रमण न केवल शहर की सुंदरता को प्रभावित करते हैं बल्कि यातायात व्यवस्था को भी गंभीर रूप से बाधित करते हैं। महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने कहा कि शहर की सड़कों और फुटपाथों को नागरिकों के सुगम आवागमन के लिए सुरक्षित करना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने साफ कहा कि किसी भी कीमत पर दोबारा अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार ने भी निर्देश दिए हैं कि नियमित अंतराल पर ऐसे अभियान चलाकर शहर को अतिक्रमण मुक्त रखा जाए। नगर निगम का यह अभियान शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और नागरिकों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।