यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
सह संपादक कपिल गुप्ता
शिवगढ़ (रायबरेली) बांदा–बहराइच राजमार्ग के चौड़ीकरण में हो रही देरी अब जानलेवा साबित हो रही है। गुरुवार की रात करीब दो बजे बछरावां से हैदरगढ़ जा रहा तेज रफ्तार ट्रेलर भवानीगढ़ चौराहे पर अनियंत्रित होकर गोल चौराहे पर चढ़ गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चबूतरे पर लगा 51 फीट ऊंचा हाईमास्ट स्ट्रीट लाइट पोल टूटकर क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि हादसे के समय हाइवे पर कोई राहगीर नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। यह हाईमास्ट लाइट शिवगढ़ नगर पंचायत द्वारा लाखों की लागत से लगवाई गई थी, जिससे चौराहा जगमगग रहता था। हाइवे पर लगातार हो रहे हादसों से क्षेत्रीय लोगों में गहरा आक्रोश है गुरुवार को अखिलेश चौरसिया, सुबोध सिंह, राजेश, मनीराम, तौसीफ सहित दर्जनों लोगों ने प्रदर्शन कर हाईवे के शीघ्र चौड़ीकरण की मांग उठाई। उनका कहना है कि बछरावां से बाराबंकी बॉर्डर तक 19.8 किमी मार्ग ‘खूनी सड़क’ बन चुका है। पिछले 2 महीनों में एक दर्जन से अधिक मौतें और सैकड़ों लोग घायल हो चुके हैं। फोर लेन का प्रस्ताव पारित होने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ।
थाना प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि तहरीर नहीं मिली है तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। वहीं पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन महिपाल सिंह का कहना है कि हाईवे के चौड़ीकरण को लेकर कार्यवाही चल रही है, तब तक के लिए हाईवे की पटरियों की भराई के लिए प्रस्ताव भेजा जाएगा।
भवानीगढ़ चौराहे पर फैला अतिक्रमण जिम्मेदार मौन
शिवगढ़ नगर पंचायत के भवानीगढ़ चौराहे पर बछरावां रोड़, हैदरगढ़ रोड़, शिवगढ़ रोड़ तथा बेड़ारु रोड़ पर दुकानदारों ने पक्की सड़क के ऊपर तक अवैध रुप से अतिक्रमण फैला रखा है। आलम यह है कि ग्राहक दुकानों के सामने साइकिल, मोटरसाइकिल आदि वाहन खड़े कर देते हैं जिसके चलते सड़क से गुजरने वाले वाहनों के निकलने, मुड़ने मुड़ने एवं पैदल चलने वाले राहगीरों के आवागमन के लिए पर्याप्त जगह नहीं रहती। हर समय दुर्घटना की सम्भावना बनी रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस प्रशासन एवं नगर पंचायत के जिम्मेदार अधिकारी अतिक्रमण हटवाने के बजाय मूकदर्शक बने हुए हैं लगता है उन्हें किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार है।