यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
ब्यूरो प्रमुख दुर्गेश अवस्थी
बलिया जिले से गई बारात में वरमाला के दौरान स्टेज पर दुल्हन को उसके प्रेमी ने गोली मारी और वहां से फरार हो गया। दुल्हन को सदर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी गंभीर हालत देखते हुए वाराणसी रेफर कर दिया गया है। यहां उसका ऑपरेशन किया जा रहा है। घटना मंगलवार रात की है।
दुल्हन ने बताया कि उसे दीनबुंध ने गोली मारी है। घटना बिहार के बक्सर में मुफस्सिल थाना इलाके के नगर चौसा पंचायत के मल्लाह टोला की है। परिवार का कहना है कि युवक उनकी बेटी से एकतरफा प्यार करता है। बेटी की शादी यूपी के बलिया में तय की थी।
बक्सर के चौसा में मंगलवार रात नंद मल्लाह के घर खुशी का माहौल था। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के सुलेमनपुर गांव से बारात आई थी।
लड़का और लड़की, दोनों पक्ष के लोग खुशी से नाच रहे थे। घर के दरवाजे पर बारात का स्वागत हुआ और होने वाले दामाद की नजर उतारी गई।
जयमाला के लिए स्टेज सजाया गया था। दुल्हन आरती (18) भी सजकर तैयार थी। दूल्हे ने हाथ बढ़ाकर दुल्हन को स्टेज पर बुलाया। हंसी-मजाक और शादी के गानों के बीच वरमाला की रस्म होने वाली थी।
सामने से मारी गोली
इसी दौरान एक लड़का चेहरे पर नकाब पहनकर शादी में घुसा और लड़कियों के बीच से होते हुए स्टेज के पास पहुंचा। कोई कुछ समझ पाता इससे पहले उसने बंदूक निकाली और दुल्हन की ओर फायर कर दिया।
फायरिंग का वीडियो सामने आया है, जिसमें एक लड़की दूल्हा-दुल्हन की आराती उतार रही है, इसी दौरान नजदीक जाकर युवक सामने से गोली चलाता है।
गोली आरती के पेट में लगी, लेकिन तेज गानों के आवाज में गोली की आवाज दब कर रही गई। चंद सेकेंड में ही दुल्हन स्टेज पर गिर पड़ी।
दुल्हन बोली- दीनबंधु ने गोली मारी
दुल्हन के गिरते ही, स्टेज पर खड़ी लड़कियां जोर-जोर से चिल्लाने लगीं। किसी ने आरती को गोली मार दी। जब परिवार के लोगों ने देखा तो उसके पेट से खून बह रहा था।
चंद सेकेंड में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। गोली चलने से अफरा-तफरी मच गई। इसी का फायदा उठाकर आरोपी प्रेमी फरार हो गया।
लोग दुल्हन को सदर अस्पताल ले गए। रास्ते में आरती कुमार पेट में लगी गोली दिखाती रही और ये कहती रही कि दीनबंधु ने मुझे गोली मारी है।