यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
ब्यूरो प्रमुख दुर्गेश अवस्थी
पटना: बिहार के पटना में सामूहिक दुष्कर्म जैसे शर्मनाक घटना सामने आयी है. घटना पुनपुन थाना क्षेत्र की है. आरोपियों ने कोल्ड ड्रिंक में नशे की दवा मिलाकर महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया. इस मामले में पीड़ित के द्वारा दी गई सूचना के आलोक में प्राथमिकी दर्ज करते हुए पुलिस कार्रवाई में जुट गई है.
खाना बनाने का काम करती है पीड़िता: थानाध्यक्ष बेबी कुमारी ने बताया कि ग्राम अलावलपुर में बीती रात 11:00 बजे सूचना मिली की एक महिला के साथ दुष्कर्म हुआ है. सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई हेतु घटनास्थल पर पहुंचकर पीड़ित महिला से पूछताछ की गई, पीड़ित महिला ने बताया कि वह बेऊर जेल के पास खाना बनाने का काम करती है.
हाउसमेड की नौकरी के नाम पर बुलाया: चिहुट निवासी रमेश चौधरी के द्वारा उसे हाउसमेड की नौकरी देने के नाम पर अपना ऑटो भेज कर सोमवार को पुनपुन बुलाया गया. फिर पुनपुन घाट के पास समय करीब रात्रि 9-10 बजे के लगभग अपने दोस्त कुंदन उर्फ कुणाल एवं सागर उर्फ सरदार के साथ मिलकर कोल्ड ड्रिंक में नशे की दवा देकर नशे की हालत में बारी-बारी से ऑटो में ही दुष्कर्म किया.
छानबीन में जुटी पुलिस: घटना के बाद सभी आरोपी महिला को छोड़कर भाग गए, जिसके बाद महिला द्वारा 112 को कॉल किया गया. थाना द्वारा घटना की गंभीरता देखते हुए प्राथमिकी दर्ज की गई. एफएसएल की टीम को सूचना दी गई. FSL की टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया. महिला को मेडिकल जांच के लिए भेजा जा रहा है.
तीन आरोपी गिरफ्तार: पुलिस ने संलिप्त अभियुक्त रमेश चौधरी पिता बंगाली चौधरी ग्राम चिह्वट थाना परसा बाजार, कुणाल उर्फ कुंदन कुमार उम्र पिता श्याम बाबू यादव ग्राम अलावलपुर और तीसरा सरदार उर्फ सागर उम्र करीब 32 वर्ष पिता भगवान विश्वकर्मा ग्राम संगत पर थाना मसौढ़ी को गिरफ्तार किया गया है. ऑटो चालक की गिरफ्तारी हेतु छापेमारी की जा रही है.
“एक महिला के साथ दुष्कर्म की घटना हुई है. पीड़िता के बयान पर तीन लोगों को तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया है. इन तीनों ने इसे हाउसमेड की नौकरी देने के नाम पर पुनपुन बुलाया था. उसके बाद घटना को अंजाम दिया. पूरे मामले की छानबीन की जा रही है.” -बेबी कुमारी, थानाध्यक्ष, पुनपुन