ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
संस्थापक संपादक प्रवीण सैनी
ग्वालियरः ग्वालियरः मध्य प्रदेश के ग्वालियर से जिले से किडनैप हुआ 7 वर्षीय शिवाय को पुलिस ने मुरैना जिले से सकुशल बरामद कर लिया. हालांकि अपहरणकर्ता अभी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं. लेकिन जिन बदमाशों ने शिवाय का अपहरण किया था, वो पुलिस के दबाव के कारण बच्चे को मुरैना में छोड़कर फरार हो गए. पुलिस का दावा है कि अपहरणकर्ता जिले के काजी बसई गांव में एक ईंट-भट्टे के पास बच्चे को छोड़कर भाग गए थे. इस दौरान एक रिक्शेवाले ने बच्चे को रोते हुए देखा. रिक्शेवाले ने बच्चे को पहचान लिया और उसे अपने साथ बैठाकर अपने गांव के सरपंच के घर ले गया. इसके बाद सरपंच ने पुलिस को सूचना दी.
सकुशल घर पहुंच गया शिवाय
शिवाय के मिलने की सूचना पाते ही तुरंत ग्वालियर पुलिस सरपंच के घर पहुंची और बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया. इसके बाद पुलिस मुरैना के एसपी कार्यालय ले आई और फिर बच्चे की उसके मम्मी-पापा से वीडियो कॉल पर बात कराई. वहीं शिवाय की बरामदगी की जानकारी मिलते ही पुलिस महानिरीक्षक अरविंद सक्सेना, डीआईजी अमित सांघी और ग्वालियर पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह भी मुरैना पहुंचे और बच्चे को अपने साथ बैठाकर लेकर आए.
लोगों ने पुलिस जिंदाबाद के लगाए नारे
वहीं जब शिवाय अपने घर पहुंचा तो ग्वालियर स्थित मुरार कॉलोनी में भारी भीड़ उमड़ पड़ी और लोग पुलिस जिंदाबाद के नारे लगाने लगे. साथ ही जमकर आतिशबाजी भी हुई. इस घटना को लेकर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि बालक सकुशल मिल गया है. घटना होते ही ग्वालियर पुलिस ने बहुत ही तत्परतापूर्वक कार्रवाई की. सर्चिंग अभियान चलाया और पुलिस की मुस्तैदी से बच्चा मिल गया है.
बदमाशों को ढूंढ रही है पुलिस
ग्वालियर के एसएसपी ने कहा कि बालक बरामद हो गया है. परिवार से बात करा दी गई है. बच्चा सुरक्षित है जो भी आरोपी इस घटना में शामिल है हम उन पर सख्त कार्रवाई करेंगे. पुलिस वहां पर पहुच गई है, उसको वापस लेकर आ रहे हैं. उसके परिवार से उसकी बात हो गई है. मुझसे भी बात हुई है बच्चा पुलिस के पास है. जो भी कार्रवाई होनी है वो होगी. बच्चा एक बार आ जाए उसके बाद सारी जानकारी जारी करेंगे.
मां की आंखों में मिर्ची झोंक शिवाय को लेकर भाग गए थे बदमाश
बता दें कि शिवाय को उसकी मां घर से स्कूल वैन तक छोड़ने जा रही थी. इस दौरान घर के बाहर आए बाइक सवार 2 बदमाशों ने मां की आंखों में मिर्ची झोंकी और शिवाय को छीन कर भाग निकले. अपहरण की यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हुई है. इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई जानकारी मिलते ही SP, IG सहित आला अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शहर की नाकेबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी थी. अपहरण की इस घटना से लोगों में दहशत फैल गई थी.