ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
ब्यूरो प्रमुख दुर्गेश अवस्थी
अयोध्या : सपा विधायक अबू आजमी की ओर से औरंगजेब पर दिए गए बयान से रामनगरी के संत आक्रोशित हैं. बुधवार को तपस्वी छावनी मंदिर पर महंत जगद्गुरु परमहंस आचार्य के नेतृत्व में तमाम साधु-संत जुटे. सपा नेता के विरोध में जमकर नारेबाजी की. इसके बाद विधायक की तस्वीर जलाई. परमहंस आचार्य ने सरकार से विधायक पर राष्ट्रद्रोह का मुकदमा दर्ज करने की मांग की. फांसी देने की भी बात कही. चेतावनी दी कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो संत समाज महाराष्ट्र की ओर कूच करेगा.
समाजवादी पार्टी के नेताओं की ओर से हिंदू समाज पर आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के मामले नहीं थम रहे हैं. अबू आजमी ने औरंगजेब को लेकर कहा था कि ‘मैं औरंगजेब को अत्याचारी या क्रूर शासक नहीं मानता. फिल्मों के जरिए मुगल बादशाह की छवि को विकृत किया जा रहा है’. सपा नेता ने औरंगजेब को कुशल नेतृत्वकर्ता बताया था.
इसे लेकर अयोध्या के संतों में काफी नाराजगी है. संतों के अनुसार सपा नेता लगातार हिंदुओं के विरोध में आपत्तिजनक बयानबाजी कर रहे हैं. जगद्गुरु परमहंस आचार्य ने कहा कि औरंगजेब को कुशल शासक बताने वाले सपा नेता अबू आजमी किस परिपेक्ष्य में यह बयान दिया है, अखिलेश यादव को इसका जवाब देना चाहिए.
जगद्गुरु ने कहा कि अगर समाजवादी पार्टी इस बयान से सहमत है तो वह भी अपना बयान जारी करें, अन्यथा अबू आजमी को पार्टी से निष्कासित करें. औरंगजेब ने अपने तीन भाइयों का कत्ल किया. ऐसे लोगों का समर्थन करना उचित नहीं. सरकार उन पर राष्ट्रद्रोह का मुकदमा दर्ज करे. विधायक को फांसी भी दे.