मुझे इस भीड़ से डर नहीं लगता: कॉमेडियन कुणाल कामरा ने टिप्पणी के लिए माफी मांगने से किया इनकार

Spread the love

ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

ब्यूरो चीफ हेमराज मौर्या

मुंबई: स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर अपनी विवादास्पद टिप्पणी के लिए माफी मांगने से इनकार कर दिया है. टिप्पणी पर भारी विवाद कामरा ने अपने बयान में मुंबई के खार में हैबिटेट कॉमेडी क्लब में तोड़फोड़ की आलोचना की, जहां कॉमेडी शो की रिकॉर्डिंग की गई थी.
36 वर्षीय कॉमेडियन ने एक हिंदी फिल्म के गाने का सहारा लेते हुए अपने शो में शिवसेना प्रमुख शिंदे के राजनीतिक करियर पर कटाक्ष किया था. उनकी इस टिप्पणी ने महाराष्ट्र में बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है. वीडियो सामने आने के बाद शिवसेना के कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा और सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया. साथ ही हैबिटेट कॉमेडी क्लब में तोड़फोड़ की गई.
पूरे दिन विवाद के बाद सोमवार देर रात एक्स पर साझा किए गए बयान में कुणाल कामरा ने कहा कि जो लोग सोशल मीडिया पर उनका नंबर लीक करने या उन्हें लगातार कॉल करने में बिजी हैं, उन्हें पता होना चाहिए कि यह सब उनके वॉयसमेल पर चला जाता है, जहां उन्हें ‘वही गाना’ सुनाया जाएगा, जिससे वे नफरत करते हैं.
कामरा ने लिखा, “मैं माफी नहीं मांगूंगा… मुझे इस भीड़ से डर नहीं लगता और मैं अपने बिस्तर के नीचे छिपकर इस घटना के शांत होने का इंतजार नहीं करूंगा.” उन्होंने आगे कहा कि उनका बयान बिल्कुल वैसा ही था जैसा कि “अजित पवार (प्रथम उपमुख्यमंत्री) ने एकनाथ शिंदे (द्वितीय उपमुख्यमंत्री) के बारे में कहा था.”
कॉमेडियन ने कहा, “उस भीड़ के लिए जिसने यह तय किया कि हैबिटेट को खड़ा नहीं होना चाहिए, यह केवल मनोरंजन का एक मंच है. सभी प्रकार के शो के लिए एक स्थान. हैबिटेट (या कोई अन्य स्थल) मेरी कॉमेडी के लिए जिम्मेदार नहीं है, न ही उसके पास इस बात पर कोई शक्ति या नियंत्रण है कि मैं क्या कहता या करता हूं. न ही किसी राजनीतिक दल के पास.”

व्यवस्था के सर्कस का मजाक उड़ाना कानून के खिलाफ नहीं…
नेताओं की धमकी पर कुणाल कामरा ने कहा कि किसी शक्तिशाली सार्वजनिक व्यक्ति की कीमत पर मजाक न कर पाने की आपकी अक्षमता मेरे अधिकार की प्रकृति को नहीं बदलती. जहां तक मुझे पता है, हमारे नेताओं और हमारी राजनीतिक व्यवस्था के सर्कस का मजाक उड़ाना कानून के खिलाफ नहीं है. हालांकि, मैं अपने खिलाफ की गई किसी भी वैध कार्रवाई के लिए पुलिस और अदालतों के साथ सहयोग करने को तैयार हूं.
हैबिटेट कॉमेडी क्लब में तोड़फोड़ की कार्रवाई पर उन्होंने सवाल किया कि क्या कानून उन लोगों के खिलाफ निष्पक्ष और समान रूप से लागू होगा, जिन्होंने यह तय किया है कि मजाक से आहत होने पर तोड़फोड़ करना उचित प्रतिक्रिया है?
दरअसल, बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) के अधिकारियों ने सोमवार को खार इलाके में तोड़फोड़ की गई जगह का दौरा किया था. होटल के खुले स्थान में बनी अस्थायी संरचना को गिरा दिया गया था.
बीएमसी की आलोचना
कामरा ने बिना किसी पूर्व सूचना के संरचना को गिराने के लिए बीएमसी की आलोचना की. कॉमेडियन ने कहा कि अपने अगले शो के लिए वह शायद एलफिंस्टन ब्रिज या मुंबई में किसी अन्य संरचना का विकल्प चुनेंगे, जिसे जल्द से जल्द ध्वस्त करने की जरूरत है.
बता दें, मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण 125 साल पुराने एलफिंस्टन ब्रिज को ध्वस्त कर सेंट्रल और वेस्टर्न रेलवे लाइनों पर एक नया डबल-डेकर पुल बनाने की तैयारी कर रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *