ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
संस्थापक संपादक प्रवीण सैनी
उन्नाव : तेलंगाना टनल हादसे में फंसे बांगरमऊ तहसील क्षेत्र के गांव मटुकरी के रहने वाले इंजीनियर मनोज कुमार द्विवेदी का शव बरामद हुआ है. रेस्क्यू टीम ने करीब 31 दिन बाद शव को बरामद कर लिया है. शव मिलने की खबर जैसे ही घर पहुंची परिजनों और रिश्तेदारों में कोहराम मच गया. शव बुधवार को देर रात तक लखनऊ लाए जाने की संभावना है.
इंजीनियरिंग मनोज कुमार द्विवेदी के बड़े बहनोई नरेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि स्थानीय पुलिस द्वारा शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. कंपनी के अधिकारियों द्वारा शव को लाया जा रहा है. नागर कुरनूल तेलंगाना की दूरी करीब डेढ़ हजार किलोमीटर से भी अधिक दूर है, इसलिए इंजीनियरिंग का शव बुधवार देर रात तक लखनऊ लाए जाने की संभावना है. जानकारी के मुताबिक, मनोज की मां जमुना देवी सेवानिवृत्त शिक्षिका हैं. पत्नी लखनऊ में सरकारी शिक्षिका हैं. बहनें भी शिक्षा के क्षेत्र में उच्च पदों पर कार्यरत हैं.
बता दें कि बीती 22 फरवरी दिन शनिवार को सुबह करीब साढ़े आठ बजे तेलंगाना के नागर कुरनूल जिले में टनल का एक हिस्सा धंसने से 8 लोग अंदर फंस गए थे. 13 किलोमीटर दूर सुरंग का दस मीटर का हिस्सा अचानक ढह गया था. श्रीशैलम लेफ्ट बैंक नहर परियोजना के तहत इस टनल का निर्माण कराया जा रहा था. टनल में यूपी के जिला उन्नाव के ग्राम मटुकरी निवासी इंजीनियर मनोज कुमार द्विवेदी सहित कुल आठ कर्मचारी अंदर ही फंस गए थे. अधिकारियों और कर्मचारियों को बाहर निकालने के लिए बचाव दल की टीमें जुटी हुई थीं.
इंजीनियर मनोज कुमार के टनल में फंस जाने की खबर मिलते ही ग्राम सिरौली जिला हरदोई के रहने वाले उनके उनके बहनोई राम आसरे उर्फ रजोल दीक्षित, रिश्तेदार आशीष कुमार तथा उनकी पत्नी स्वर्ण लता द्विवेदी घटनास्थल पर पहुंच गए थे, जबकि दो दिन बाद इंजीनियर के रिश्तेदार नवल किशोर भी मौके पर पहुंच गये थे. करीब 15 दिनों तक सुरंग पर रुकने के बाद हताश और निराश होकर सभी परिजन वापस लौट आए थे.