ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
ब्यूरो प्रमुख दुर्गेश अवस्थी
कोल्हापुरः छत्रपति शिवाजी महाराज और छत्रपति संभाजी महाराज के बारे में कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले प्रशांत कोरटकर पर आज 28 मार्च को कोल्हापुर कोर्ट परिसर में एक वकील ने कथित रूप से हमला करने की कोशिश की. वहां मौजूद पुलिस ने स्थिति को संभाला. इसके बाद कोरटकर को राजारामपुरी थाने लाया गया. कोरटकर के खिलाफ लोगों में भारी आक्रोश को देखते हुए कोल्हापुर सेशन कोर्ट इलाके में भारी पुलिस सुरक्षा तैनात की गई थी.
पुलिस थी सतर्कः कोराटकर को आज पुलिस रिमांड समाप्त होने के बाद कोल्हापुर जिला सत्र न्यायालय में पेश किया गया था. न्यायालय में सुनवाई समाप्त होने के बाद दोपहर करीब 2 बजे एक वकील ने कोराटकर से पूछा कि क्या वह छत्रपति का अपमान कर रहे हैं. इसके बाद वकील ने चप्पल से कोराटकर पर हमला किया. वहां मौजूद पुलिस ने हमलावर वकील को पकड़ लिया. बता दें कि कोल्हापुर में शिव भक्तों ने आज सुबह कोरटकर के खिलाफ प्रदर्शन किया था, इस कारण पुलिस सतर्क थी.
दो दिन का पुलिस रिमांडः सरकारी वकील हेमा काटकर ने मीडिया को बताया कि अदालत ने आज उसे दो दिन की पुलिस रिमांड पर दिया है. पुलिस ने तीन दिन में बहुत महत्वपूर्ण जांच की है. पुलिस ने आगे की जांच के लिए और हिरासत मांगी है. कोरटकर ने कहीं भी ऑनलाइन भुगतान का उपयोग नहीं किया. किसने उसकी आर्थिक मदद की? इसकी जांच की जा रही है. आरोपी ने कुछ लोगों के नाम बताए हैं. उन्होंने आरोपी की किस तरह से मदद की, यह जांच का हिस्सा है.
तेलंगाना से किया गया गिरफ्तारः बता दें कि इतिहासकार इंद्रजीत सावंत को फोन कर जान से मारने की धमकी देने वाले नागपुर निवासी प्रशांत कोरटकर को कोल्हापुर पुलिस ने 25 मार्च को तेलंगाना राज्य से गिरफ्तार किया था. करीब एक महीने तक वह पुलिस से बचता रहा. इसके बाद भारी पुलिस सुरक्षा के बीच कोल्हापुर लाया गया. 25 मार्च को गिरफ्तारी के बाद कोल्हापुर कोर्ट ने कोरटकर को तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया था.