ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
उप संपादक संजय मिश्रा
प्रयागराज: सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन ने शुक्रवार की देर शाम भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की. सीबीआई ने सेना के गैरिसन इंजीनियर और उसके असिस्टेंट को एक लाख रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. सीबीआई लखनऊ की एंटी करप्शन ब्रांच ने अधिकारियों के आवास समेत कई ठिकानों पर छापेमारी भी की. आरोप है कि इन्होंने दिल्ली की कंपनी से 2.88 लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी.
जानकारी के मुताबिक, मेजर रैंक के गैरिसन इंजीनियर और असिस्टेंट गैरिसन इंजीनियर द्वारा ही मैन पावर की सप्लाई का काम मिलना था. दोनों ने यह ठेका दिलाने के नाम पर दिल्ली की फर्म से 2.88 लाख रुपए की डिमांड की थी. सीबीआई को यह इनपुट मिल गया था. इसके बाद शुक्रवार को सीबीआई की टीम प्रयागराज पहुंच गई. टीम ने देर शाम सेना के दोनों अफसरों को घूस की रकम लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया.
इसके बाद दोनों आरोपियों के कार्यालय और आवास पर छापेमारी की गई. तमाम तरह के संदिग्ध दस्तावेज बरामद किए गए. जांच में इस काम में कुछ और लोगों के नाम सामने आ रहे हैं. सीबीआई की टीम उसकी भी पड़ताल कर रही है. फिलहाल दाेनों को गिरफ्तार कर लिया गया है. दोनों से पूछताछ की जा रही है. माना जा रहा है कि सीबीआई की टीम शनिवार को राजधानी लखनऊ लेकर आएगी. इसके बाद दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा.
सीबीआई को इस रैकेट के और बड़ा होने की जानकारी मिली है. इसमें कुछ बड़े अधिकारियों के नाम भी सामने आ रहे हैं. इसकी भी जांच, सीबीआई कर रही है. पूछताछ के लिए सीबीआई दोनों आरोपियों की रिमांड ले सकती है. इसके बाद पूछताछ का दायरा बढ़ाया जाएगा.