ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
संस्थापक संपादक प्रवीण सैनी
लखनऊ : डॉ राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विवि के छात्र आयुष त्रिवेदी को भारत सरकार ने राष्ट्रीय युवा पुरस्कार के लिए चयनित किया है. यह पुरस्कार उन्हें उत्कृष्ट सामाजिक कार्यों के लिए दिया जा रहा है. दिल्ली स्थित नए संसद भवन में उन्हें प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान किया जाएगा. राष्ट्रीय युवा पुरस्कार भारत सरकार के तहत युवाओं को दिया जाने वाला देश का सर्वोच्च पुरस्कार है. जिसे युवा कल्याण एवं खेल मंत्रालय के तहत प्रतिवर्ष राष्ट्रनिर्माण और सामुदायिक सेवा के लिए प्रदान किया जाता है.
पूरे देश से 10 युवाओं को इसके लिए चयनित किया गया है : आयुष त्रिवेदी मूल रूप से कानपुर देहात के हैं और डॉ राममनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय लखनऊ में LLM के छात्र हैं. इससे पूर्व आयुष को सामाजिक योगदान के लिए पिछले वर्ष मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य युवा पुरस्कार से भी सम्मानित किया. आयुष लंबे समय से अपनी संस्था यूथ फाउंडेशन के माध्यम से सामाजिक कार्यों में सक्रिय हैं. सामुदायिक सेवा, पर्यवारण संरक्षण, महिला सशक्तीकरण, राष्ट्रीय एकीकरण, मतदाता जागरुकता, रक्तदान, युवा विकास आदि क्षेत्रों में दिए गए योगदान के आधार पर उन्हें राष्ट्रीय युवा पुरस्कार 2021-22 के लिए चुना गया है. इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए देशभर के 10 युवाओं का चयन किया गया है. इसमें उत्तर प्रदेश से इकलौते आयुष हैं. इन्हें 3 अप्रैल को नई दिल्ली स्थित नवीन संसद भवन में आयोजित भव्य समारोह में पुरस्कृत किया जाएगा.
समारोह में बतौर मुख्य अतिथि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय युवा कल्याण एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया आदि गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे.
कोरोना काल में की थी काफी लोगों की मदद : कोरोना काल में आयुष ने अपनी टोली के साथ दिहाड़ी मजदूरों और अभावग्रस्तों की मदद में जमकर पसीना बहाया था. उन्होंने कोरोना के बचाव के लिए जागरूक करने के साथ ही अभावग्रस्तों और अप्रवासी मजदूरों को भोजन और राशन उपलब्ध कराया. वहीं दूसरी लहर के दौरान वेबसाइट बनाकर लोगों को खून, प्लाज्मा, ऑक्सीजन आदि उपलब्ध कराने में जुटे रहे. वीरांगना अभियान चलाकर 2 हजार से अधिक छात्राओं को आत्मरक्षा का निःशुल्क प्रशिक्षण दिलाया तथा वृक्ष प्रहरी अभियान के जरिए पर्यावरण जागरूकता के लिए काम किया है.