हैदराबाद में जर्मन लड़की से कैब ड्राइवर ने किया दुष्कर्म,

Spread the love

प्रदेश जनहित खबर यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

संस्थापक संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ

हैदराबाद: हैदराबाद के पहाड़ी शरीफ इलाके में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है. दरअसल जर्मनी से अपने दोस्त से मिलने आई युवती के साथ कैब चालक ने दुष्कर्म किया है. पीड़िता ने डायल 100 पर पुलिस को इस संबंध में सूचना दी. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए विशेष टीमों के साथ छापेमारी की और आरोपी को गिरफ्तार किया. बहरहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है.बता दें कि विदेशी महिला एक सप्ताह पहले अपने दोस्त से मिलने हैदराबाद आई थी. जर्मनी में पढ़ाई के दौरान उसकी एक व्यक्ति से दोस्ती हुई थी. बताया जा रहा है कि वह पहले भी हैदराबाद आ चुकी थी.

पुलिस ने बताया कि हैदराबाद के बाहरी इलाके में एक कैब ड्राइवर ने 25 वर्षीय जर्मन महिला के साथ एयरपोर्ट जाते समय दुष्कर्म किया है. यह घटना राचकोंडा पुलिस कमिश्नरेट के पहाड़ी शरीफ पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आने वाले ममीडिपल्ली में बीती सोमवार रात को हुई. वरिष्ठ पुलिस अधिकारी इस घटना की जांच कर रहे हैं.

पुलिस के अनुसार जर्मन महिला हैदराबाद में अपने एक दोस्त से मिलने गई थी. पीड़िता ने कुछ अन्य लोगों के साथ दिन में कैब के जरिए शहर घूमा. अन्य यात्रियों को उतारने के बाद कैब चालक जर्मन महिला को छोड़ने के लिए हवाई अड्डे की तरफ निकला. इसी बीच एयरपोर्ट जाते समय उसने ममीडिपल्ली में एक सुनसान जगह पर गाड़ी रोकी और पीड़ित जर्मन लड़की से साथ दुष्कर्म किया. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया.
पुलिस ने पीड़ित महिला को मेडिकल जांच के लिए भेज दिया है. उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है. पुलिस ने महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म की अफवाहों का खंडन किया है. पुलिस ने कहा कि इसमें केवल एक व्यक्ति शामिल था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *