ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
सह संपादक कपिल गुप्ता
इंदौर : टैक्स चोरी के एक बड़े मामले में इंदौर की तुकोगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. तुकोगंज पुलिस ने धोखाधड़ी के मामले में लगातार फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार किया गया आरोपी इस मामले में अन्य आरोपी प्रसिद्ध गुटखा कारोबारी किशोर वाधवानी का करीबी बताया जा रहा है. गुटखा कारोबारी के करीबी को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने पूछताछ शुरू कर दी है, जिसमें कई बड़ी खुलासे हो सकते हैं.
करोड़ों रु की टैक्स चोरी का मामला
तुकोगंज पुलिस के मुताबिक इंदौर के प्रसिद्ध गुटखा कारोबारी किशोर वाधवानी के करीबी पंकज माजुपूरिया को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पूरा मामला टैक्स चोरी से संबंधित है. बता दें कि गुटखा कारोबारी किशोर वाधवानी के खिलाफ अलग-अलग विभागों ने कार्रवाई करते हुई करोड़ों रुपए की टैक्स चोरी पकड़ी थी और उसी मामले में किशोर वाधवानी, उनके भतीजे नितेश वाधवानी और उनके करीबी पंकज के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया था.
233 करोड़ की जीएसटी चोरी का आरोप
एसीपी विनोद दीक्षित के मुताबिक, ” पुलिस ने गुटखा कारोबारी के करीबी पंकज को गिरफ्तार किया है और उससे सख्ती से पूछताछ की जा रही है. जल्द ही इस पूरे मामले में अन्य आरोपियों की भी गिरफ्तारी की जाएगी.” जीएसटी के महानिदेशक के मुताबिक गुटखा कारोबारी पर 233 करोड़ रुपये की जीएसटी चोरी का आरोप है. बता दें कि इंदौर के बड़े गुटखा कारोबारी मालिक किशोर वाधवानी एवं उनके भतीजे नितेश वाधवानी के खिलाफ डायरेक्टर जनरल आफ जीएसटी इंटेलिजेंस भोपाल ने तुकोगंज थाने में 10 फरवरी 2021 को धोखाधड़ी सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया था।