ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
सह संपादक कपिल गुप्ता
गया : बिहार में एक बार फिर से पुलिस पर हमला हुआ है. इस बार गया में आक्रमण किया गया है. बताया जा रहा है कि डायल 112 की टीम पर बारातियों ने हमला किया. इस हमले में डायल 112 के दारोगा और चालक घायल हो गए. दोनों ने किसी तरह से भागकर अपनी जान बचाई. वहीं बारातियों के हमले में महिला कांस्टेबल भी बाल बाल बची.
गया में पुलिस पर हमला : यह मामला बोधगया थाना क्षेत्र का है. दरअसल बीती देर रात को बोधगया थाना के बकरौर गांव में वाटर पार्क के पास जाम लगा हुआ था. जाम में डायल 112 की गाड़ी फंस गई थी. बैक करने के दौरान डायल 112 के पुलिसकर्मियों ने बारातियों की बस को थोड़ा किनारे करने को कहा. किंतु बाराती वाहन में सवार लोग बस को बैक करवाने के बजाए पुलिस टीम पर ही हावी होने लगे.
दारोगा को दौड़ा-दौड़ाकर लाठी डंडे से पीटा : आरोप है कि बारातियों ने डायल पुलिसकर्मियों पर हमला किया. कहा जा रहा है कि 15 से 20 की संख्या में मौजूद बारातियों ने यह हमला बोला. बारातियों के हमले को देख दारोगा उमेश कुमार यादव, चालक मनीष कुमार, महिला कांस्टेबल रंजू कुमारी खुद को सुरक्षित करने में जुट गए.
घर में छुपकर बचाई जान : आरोप है कि काफी दूर तक दारोगा उमेश कुमार यादव को खदेड़-खदेड़कर लाठी-डंडे से पीटा. किसी तरह से दारोगा ने एक घर में छुपकर अपनी जान बचाई. बारातियों के द्वारा दारोगा का पिस्टल भी छीनने का प्रयास किया गया. वहीं, जिस घर में दारोगा ने शरण ली, वहां की महिलाओं ने दारोगा की मलहम पट्टी की. इसके बाद बोधगया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची.
”सभी बाराती नशे में धुत थे. पहले चालक को पीटा, फिर खदेड़-खदेड़कर मुझे लाठी डंडे से मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. वे मेरे सर्विस पिस्टल को भी छीनने की कोशिश कर रहे थे. किसी तरह एक घर में शरण ली और अपनी जान बचाई. इसके बाद घटना की सूचना थाना को दी. सूचना के बाद बोधगया थानाध्यक्ष खुद आए और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया.”- धर्मेंद्र कुमार यादव, घायल दारोगा डायल 112
पुलिस की कार्रवाई में 10 गिरफ्तार : घटना की जानकारी होते ही बोधगया थाने की पुलिस ने कार्रवाई शुरू की. इस क्रम में 10 बारातियों को गिरफ्तार कर लिया. वहीं, कुछ और बारातियों की तलाश पुलिस कर रही है. फिलहाल घायल दारोगा का इलाज मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में किया जा रहा है.