ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
सह संपादक कपिल गुप्ता
नगराम थाना क्षेत्र में सोमवार को खेत में एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया. मृतक के शरीर पर चोट के निशान होने के साथ ही गले में बेल्ट पड़ी हुई थी. पिटाई के बाद युवक की बेल्ट से गला कसकर हत्या की आशंका जताई जा रही है.
नगराम पुलिस ने दर्ज किया मामला : सूचना पाकर पहुंचे युवक के परिजनों ने साथियों पर शराब पिलाने के बाद मारपीट करने व गला कसकर हत्या करने का आरोप लगाया है. परिजनों की तहरीर पर नगराम पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.
मृतक के सिर पर चोट के निशान : पुलिस के मुताबिक, लखनऊ के नगराम थाना क्षेत्र स्थित कुबहरा गांव में सुबह 8.20 बजे एक खेत में शव पड़ा मिला. शव की सूचना ग्रामीणों को होते ही हड़कंप मच गया. आसपास के ग्रामीण शव के पास एकत्रित हो गये. शव की पहचान कुबहरा गांव निवासी महेश के रूप में हुई है. महेश का शव घर से करीब 500 मीटर की दूरी पर सड़क किनारे सहजराम के खेत में पड़ा मिला. महेश के गले में बेल्ट बंधी हुई थी. पुलिस जांच के दौरान मृतक के सिर पर चोट के निशान मिले हैं. मृतक के परिवार में उसके माता-पिता, पत्नी व एक वर्षीय पुत्र है.
पुरानी रंजिश में हत्या करने का आरोप : मृतक के भाई के अनुसार, गांव के ही सहजराम ने आत्महत्या कर ली थी. सुसाइड नोट में महेश व उसकी पत्नी पर इल्जाम लगाया गया था. सहजराम का बेटा महेश से इसी बात को लेकर रंजिश मानता था. मृतक के भाई ने पुरानी रंजिश में हत्या की आशंका जताई है.
मोहनलालगंज एसीपी रजनीश वर्मा ने बताया कि शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. परिजनों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है. परिजनों ने कुछ लोगों पर आरोप लगाया है. पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है. कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. जल्द ही मामले का खुलासा किया जायेगा.