ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
संस्थापक संपादक प्रवीण सैनी
लखनऊ नगर निगम लखनऊ की विकास योजनाओं और आगामी मानसून सीजन की तैयारियों को लेकर मंगलवार को एक अहम बैठक का आयोजन कैंप कार्यालय में किया गया। बैठक की अध्यक्षता माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने की। बैठक में नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार, समस्त अपर नगर आयुक्त, सीएफएओ, जीएम जलकर, चीफ इंजीनियर (सिविल), चीफ इंजीनियर (आरआर) सहित नगर निगम के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
*नालों की सफाई और जलभराव की रोकथाम पर जोर*
बैठक के दौरान महापौर महोदया ने विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों से उनके विभागीय कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने विशेष रूप से आगामी मानसून सत्र को ध्यान में रखते हुए ड्रेनेज सिस्टम, जल भराव वाले क्षेत्रों की पहचान और उनकी समय पर सफाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया। महापौर ने कहा कि मानसून से पहले सभी नालों और जल निकासी व्यवस्था की पूरी तरह से सफाई की जाए, जिससे कि शहर में जल भराव की समस्या उत्पन्न न हो।
*फील्ड निरीक्षण और त्वरित कार्रवाई के निर्देश*
श्रीमती खर्कवाल ने कहा कि शहरवासियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए हर विभाग को समन्वय बनाकर कार्य करना होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे फील्ड में जाकर कार्यों की निगरानी करें और कहीं भी लापरवाही मिलने पर त्वरित कार्रवाई की जाए।
*स्वच्छता व्यवस्था को लेकर सख्त रुख*
महापौर ने विशेष रूप से शहर की स्वच्छता व्यवस्था को लेकर भी चिंता जताई और कहा कि सफाई व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने निर्देश दिया कि नियमित रूप से कूड़ा निस्तारण, सड़कों की सफाई और सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान चलाया जाए। इसके अतिरिक्त, उन्होंने नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए जनभागीदारी अभियान चलाने पर भी बल दिया।
*पारदर्शिता और समयबद्ध समाधान पर बल*
बैठक के अंत में महापौर ने अधिकारियों से कहा कि नगर निगम के कार्यों में पारदर्शिता और गति लाई जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान समयबद्ध ढंग से किया जाए और कोई भी शिकायत लंबित न रहे।
*नगर आयुक्त ने दी तैयारियों की जानकारी*
नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार ने बैठक में आश्वस्त किया कि सभी विभागों को पहले से ही निर्देशित किया जा चुका है और आगामी दो सप्ताहों में मानसून से संबंधित तैयारियां पूर्ण कर ली जाएंगी। उन्होंने बताया कि प्रमुख नालों की सफाई, मशीनों की मरम्मत, कर्मचारियों की तैनाती जैसी सभी आवश्यक कार्य योजनाएं अंतिम चरण में हैं।