बरेली में शादी से पहले दुल्हन की मौत, अचानक घबराहट होने लगी थी, रास्ते से लौटी बारात

Spread the love

ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

जिला रिपोर्टर अरुण सिंह

बरेली : बहेड़ी थाना क्षेत्र में शादी से पहले दुल्हन की मौत हो गई. बुधवार को बारात आनी थी. शाम को अचानक दुल्हन की तबीयत बिगड़ गई. परिजन उसे झोलाछाप के यहां ले गए. इलाज के दौरान दुल्हन की मौत हो गई. पुलिस झोलाछाप डॉक्टर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई है. वहीं रास्ते से आधी बारात वापस लौट गई.
देवीपुरा गांव में रहने वाली थान सिंह की बेटी शांति (20) की बुधवार की शाम को नवाबगंज से बारात आनी थी. सभी लोग बारात की तैयारियों में लगे हुए थे. अचानक शांति की तबीयत खराब हो गई. घबराहट और बेचैनी होने की शिकायत पर परिजन उसे इलाज के लिए बहेड़ी कस्बे के एक डॉक्टर के यहां ले गए, जहां इलाज के दौरान दुल्हन की मौत हो गई. पिता थान सिंह का आरोप है कि उनकी बेटी को डॉक्टर ने गलत इंजेक्शन लगाया, जिससे उसकी मौत हो गई.
डॉक्टर ने कहा- कमजोर हो गई है : थान सिंह ने पुलिस को बताया कि हॉस्पिटल के डॉक्टर ने उनके बेटे से कहा कि कमजोरी हो गई है. ड्रिप चढ़ाने से राहत मिलेगी. ड्रिप चढ़ाने के बाद उसकी हालात और ज्यादा खराब हो गई. स्थिति को देखते हुए बरेली के लिए रेफर कर दिया. लेकिन लड़की की मौत हो गई. ग्रामीणों के हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. पिता थान सिंह की तहरीर पर रिपोर्ट लिखी गई है.
बहेड़ी थाने के प्रभारी निरीक्षक संजय तोमर ने बताया कि एक लड़की की बुधवार की शाम को बारात आनी थी, उससे पहले उसकी तबीयत खराब हो गई, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. जांच कर मामले में आगे की कार्यवाही की जाएगी.
मातम में बदली खुशियां : शांति की बुधवार की रात को बारात नवाबगंज से आनी थी. गांव में पंडाल सज चुका था. हलवाइयों ने भी तरह-तरह के पकवान बरातियों के लिए बनाए थे. पूरा गांव शादी की तैयारी में जुटा था. मौत की खबर पहुंची तो गांव में मातम पसर गया. उसकी बारात नवाबगंज से देवीपुरा गांव के लिए चल चुकी थी. सूचना के बाद बारात आधे रास्ते से वापस लौट गई.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *