ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
संस्थापक संपादक प्रवीण सैनी
लखनऊ नगर निगम लखनऊ की महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल को एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। उन्हें देशभर के महापौरों के संगठन ऑल इंडिया काउंसिल ऑफ मेयर्स’ हासचिव नियुक्त किया गया है।
ए आई सी एम की ओर से श्रीमती खर्कवाल की कार्यकुशलता, निष्ठा और नेतृत्व क्षमता की सराहना करते हुए कहा गया है कि संगठन को उन पर पूरा भरोसा है। विश्वास जताया कि श्रीमती खर्कवाल अपने कर्तव्यों का निर्वहन उच्चतम स्तर की व्यावसायिकता और जिम्मेदारी के साथ करेंगी। ए आई सी एम के सचिव ने श्रीमती खर्कवाल का संगठन में स्वागत करते हुए उनके बहुमूल्य योगदान की अपेक्षा जताई है।
श्रीमती सुषमा खर्कवाल की यह नियुक्ति लखनऊ शहर के लिए गौरव की बात है। इससे न केवल नगर निगम के कार्यों को राष्ट्रीय मंच पर पहचान मिली है, बल्कि नगर प्रशासन में महिला नेतृत्व की भूमिका को भी मजबूती मिली है।
महासचिव पद पर नियुक्ति के बाद श्रीमती खर्कवाल ने कहा,
> यह मेरे लिए सम्मान की बात है। मुझे जिस विश्वास और जिम्मेदारी के साथ यह पद सौंपा गया है, मैं उस पर खरा उतरने का हर संभव प्रयास करूंगी। यह लखनऊ के नागरिकों की जीत है, जिनके विश्वास और सहयोग से मैं यहां तक पहुंची हूं
ऑल इंडिया काउंसिल ऑफ मेयर्स एक पंजीकृत संगठन है जो देशभर के महापौरों को एक साझा मंच प्रदान करता है। यह संगठन नगरीय विकास, शहरी प्रशासन, नीति-निर्माण और नगर निगमों के बीच सहयोग को बढ़ावा देने के लिए कार्य करता है। श्रीमती खर्कवाल की नियुक्ति से न केवल लखनऊ, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान मिली है। नगर निगम के अधिकारियों और शहरवासियों ने उन्हें इस नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी है और उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की है।