ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
संस्थापक संपादक प्रवीण सैनी
लखनऊ। मण्डलायुक्त लखनऊ मण्डल एवं नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देश पर नगर निगम द्वारा अतिक्रमण के विरुद्ध सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर नगर आयुक्त श्री पंकज श्रीवास्तव द्वारा गठित विशेष टीम ने बीते दिनों ग्राम जरहरा में स्थित सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए व्यापक अभियान चलाया।
इस कार्रवाई में ग्राम जरहरा तहसील सदर की सार्वजनिक उपयोग की भूमि जैसे तालाब व बंजर जमीन को अतिक्रमणकारियों से मुक्त कराया गया। अभियान प्रभारी अधिकारी (सम्पत्ति) के आदेशानुसार तहसीलदार श्री अरविन्द पाण्डेय के सहयोग एवं नायब तहसीलदार श्री नीरज कटियार के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ।
नगर निगम के लेखपाल श्री आशुतोष कुमार, श्री आलोक यादव एवं श्री विनोद वर्मा की टीम ने मौके पर जाकर अवैध रूप से की जा रही प्लॉटिंग को चिन्हित किया। प्रॉपर्टी डीलर द्वारा अतिक्रमित भूमि पर बनाई गई सड़कों व अवैध निर्माण को जेसीबी मशीन की सहायता से शांतिपूर्वक ढंग से ध्वस्त कर भूमि को मुक्त कराया गया।
अभियान के दौरान स्थल पर शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु इंदिरा नगर थानाध्यक्ष द्वारा पुलिस बल तथा नगर निगम प्रवर्तन दल की तैनाती की गई थी।
अभियान के तहत खाली कराई गई भूमि में खसरा संख्या 429 (क्षेत्रफल 0.076 हेक्टेयर – बंजर भूमि) एवं खसरा संख्या 322 (क्षेत्रफल 0.304 हेक्टेयर – तालाब भूमि) शामिल हैं। ये भूमि अभिलेखों में नगर निगम के स्वामित्व में दर्ज हैं और इनकी अनुमानित बाजार कीमत 3 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है।
नगर निगम प्रशासन द्वारा यह सख्त संदेश दिया गया है कि सरकारी जमीन पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।