नगर निगम लखनऊ खुले में गोबर फेंकने पर नगर निगम ने हटाईं अवैध डेयरियां, दर्जनों पशु किए गए जब्त

Spread the love

ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

संस्थापक संपादक प्रवीण सैनी

लखनऊ नगर आयुक्त महोदय के निर्देश एवं अपर नगर आयुक्त के आदेश पर बुधवार पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अभिनव वर्मा के नेतृत्व में जोन 6, थाना पारा क्षेत्र अंतर्गत अवैध डेयरियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई। इस अभियान में पुलिस बल एवं नगर निगम के प्रवर्तन दल के सहयोग से पारा क्षेत्र के भपतामऊ, बुड्ढेश्वर विहार एवं देवपुर में डेयरियों पर छापेमारी की गई।

कार्रवाई के दौरान मौके से 12 भैंस, 3 गाय, 2 पड़िया एवं 2 पड़वा बरामद किए गए। सभी पशुओं को ऐशबाग स्थित कांजी हाउस में निरुद्ध कराया गया है। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि इन पशुओं को नियम अनुसार जुर्माना भरने के बाद ही छोड़ा जाएगा।

उल्लेखनीय है कि इन क्षेत्रों से नगर निगम को लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं कि कुछ डेरी संचालक गोबर को खुले खाली प्लॉटों में फेंक रहे हैं, जिससे क्षेत्र में गंदगी फैल रही थी। गोबर का उचित प्रबंधन न होने के कारण आसपास का वातावरण दूषित हो रहा था। नालियों में गोबर भर जाने के कारण जलभराव की समस्या उत्पन्न हो रही थी, जिससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा था और डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा मंडरा रहा था।

नगर निगम ने जानकारी दी कि शहरी क्षेत्रों में डेरी संचालन की अनुमति नहीं दी जाती है। केवल अधिकतम दो गायों को लाइसेंस लेकर पालने की अनुमति दी जाती है। नगर निगम अधिनियम 1959 के अनुसार भैंस को अपदूषण कारक पशु की श्रेणी में रखा गया है, अतः शहरी क्षेत्रों में भैंस पालन पूर्णतः प्रतिबंधित है। इस विशेष अभियान में पशु कल्याण विभाग के प्रभारी श्री अभिनव, श्री शिवेक, रामकुमार, नदीम, श्री फुरकान एवं मनोज सहित पुलिस और प्रवर्तन विभाग की टीमों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें तथा नियमों का पालन करें। अवैध पशुपालन या खुले में गंदगी फैलाने की दशा में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *