ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
संस्थापक संपादक प्रवीण सैनी
महापौर का कड़ा रुख: सुबह 6:30 बजे औचक निरीक्षण में अव्यवस्थाओं पर ताबड़तोड़ कार्रवाई
लखनऊ नगर निगम की सफाई व्यवस्था और अव्यवस्थाओं की हकीकत जानने के लिए शनिवार सुबह 6:30 बजे माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी ने शहर के विभिन्न वार्डों में औचक निरीक्षण किया। यह निरीक्षण महापौर के स्पष्ट संदेश के साथ शुरू हुआ कि लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान जोन-3 और जोन-7 में यूजर चार्ज की अवैध वसूली, गंदगी, अवैध कूड़ा कलेक्शन और खुले में मीट बिक्री जैसे गंभीर मामले सामने आए, जिन पर मौके पर ही सख्त कार्रवाई की गई।
*जोन-3 में यूजर चार्ज की अवैध वसूली का भंडाफोड़*
निरीक्षण की शुरुआत जोन-3 से हुई, जहां वायरलेस चौराहे से छन्नीलाल चौराहे की ओर जा रही सड़क पर लखनऊ स्वच्छता अभियान (LSA) की कूड़ा उठाने वाली गाड़ी एक नारियल पानी के ठेले के पास कचरा उठाते हुए देखी गई। पूछताछ में नारियल पानी विक्रेता राम सनेही ने बताया कि वह हर महीने 400 रुपये यूजर चार्ज के रूप में देता है, परंतु उसे कभी कोई रसीद नहीं दी जाती। जब महापौर ने पूछा कि यह पैसे किसे दिए जाते हैं, तो उन्होंने बताया कि ‘आकाश’ नामक व्यक्ति यह राशि वसूलता है।
मौके पर तत्काल ZSO जोन-3 को बुलाया गया और आकाश को भी बुलवाया गया। पूछताछ में आकाश ने माना कि वह LSA के लिए यूजर चार्ज वसूलता है लेकिन पैसे न तो जमा करता है, न ही रसीद देता है। इस पर महापौर ने तत्काल कार्रवाई करते हुए LSA अधिकारियों को आकाश के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
*गंदे नाले पर भी जताई नाराजगी*
इसी निरीक्षण के दौरान महापौर ने एक बड़े नाले की सफाई की स्थिति का भी जायजा लिया। नाला पूरी तरह से गंदगी से भरा हुआ मिला, जिस पर महापौर ने गहरी नाराजगी जताई और ZSO को निर्देशित किया कि नाले की तत्काल सफाई कराई जाए और उसकी नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।
*जोन-7 में अवैध कूड़ा कलेक्शन पर कार्रवाई*
इसके बाद महापौर ने जोन-7 के कल्याणपुर क्षेत्र का निरीक्षण किया। कमला मार्केट के पास एक अवैध ठेली को पकड़ा गया जो गैरकानूनी रूप से कूड़ा इकट्ठा कर रही थी। महापौर ने मौके पर ZSO को उस ठेली को जब्त करने और उचित कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं, क्रेजी बे नामक दुकान द्वारा सड़क पर कूड़ा फैलाने के मामले में 500 रुपये का चालान काटने के निर्देश दिए गए।
*खुले प्लॉट में कूड़ा, स्वामी को भेजा जाएगा नोटिस*
केशव नगर, कल्याणपुर में निरीक्षण के दौरान एक खाली प्लॉट में कूड़ा पड़ा मिला। महापौर ने इसे गंभीरता से लेते हुए जोनल अधिकारी को आदेश दिया कि प्लॉट स्वामी को नोटिस जारी किया जाए और उसे बाउंड्रीवॉल बनवाने के निर्देश दिए जाएं ताकि भविष्य में वहां कचरा न डाला जा सके।
*आदिल नगर में मीट की अवैध दुकान पर बुलडोजर चला*
निरीक्षण का सबसे गंभीर मामला आदिल नगर से सामने आया, जहां नाले पर अवैध रूप से मीट की दुकान और मुर्गियों का स्टोर चल रहा था। खुले में मांस काटने और गंदगी फैलाने को लेकर महापौर ने तत्काल ZSO को चालान करने के निर्देश दिए। ‘न्यू फ्रेश चिकन शॉप’ पर 5000 रुपये का चालान काटा गया। साथ ही नाले पर अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए मौके पर जेसीबी मंगवाया गया और अपर नगर आयुक्त श्री ललित कुमार की निगरानी में अतिक्रमण हटाया गया।
*खुले में मीट बिक्री पर होगी सख्त कार्रवाई*
महापौर ने नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार को निर्देशित किया कि खाद्य निरीक्षक को पत्र भेजकर खुले में मांस बेचने वालों पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्वास्थ्य और सफाई से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
*साफ-सफाई में लापरवाही पर जीरो टॉलरेंस नीति*
इस निरीक्षण के माध्यम से महापौर ने साफ कर दिया है कि नगर निगम की ओर से सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कोताही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि भविष्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
*जनता से की अपील*
महापौर ने शहरवासियों से अपील की कि वे स्वच्छता के इस अभियान में सहयोग करें और किसी भी अनियमितता की सूचना नगर निगम को दें। उन्होंने कहा कि स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ लखनऊ के लिए नागरिकों की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।