ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
संस्थापक संपादक प्रवीण सैनी
लखनऊ: नगर निगम द्वारा अतिक्रमण हटाने की दिशा में आज तीन अलग-अलग जोनों में बड़े पैमाने पर कार्यवाही की गई। पुलिस प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीमों ने अस्थाई अतिक्रमण को हटाते हुए अवैध रूप से लगाए गए ढांचों और ठेलों को जब्त किया।
*जोन-1 : कैसरबाग और अमीनाबाद में कार्यवाही*
जोन-1 में जोनल अधिकारी श्री राजेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस और प्रवर्तन विभाग की टीमों के साथ अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की गई। कैसरबाग नाले के ऊपर से गुमटियाँ हटाई गईं। इसके अलावा, रोस्टर के अनुसार शाम 3 बजे से अमीनाबाद बाजार में अस्थाई अतिक्रमण को हटाते हुए एक ट्रक सामान जब्त किया गया। इस अभियान में कर अधीक्षक श्री विनय मौर्या, श्री ओम प्रकाश सिंह, श्री संजय सिंह, श्री राजा भैय्या, श्री राजेश पाण्डेय, श्री राजेन्द्र कुमार और प्रवर्तन विभाग (296) की टीम ने भाग लिया।
*जोन-3 : आईटी चौराहा से पुरनिया तक अभियान*
जोन-3 के जोनल अधिकारी श्री अमरजीत सिंह यादव के निर्देशन में रोस्टर के अनुसार 296 टीम के साथ आईटी चौराहा से रामकृष्ण मठ होते हुए पुरनिया तक मुख्य मार्गों से अतिक्रमण हटाया गया। इस दौरान 42 सब्जी-फल की ठेलियाँ, 4 गुमटियाँ, 2 गन्ने की मशीनें, 7 चाउमीन-बर्गर के ठेले, 2 लोहे के काउण्टर, 2 प्लास्टिक तिरपाल, 1 प्लास्टिक स्टूल और 1 प्लास्टिक बेंच जब्त की गईं। यह अभियान मुख्य मार्गों पर सुगम यातायात सुनिश्चित करने हेतु चलाया गया।
*जोन-7 : बीबीडी यूनिवर्सिटी से तिवारीगंज तक कार्यवाही*
नगर आयुक्त महोदय के निर्देशानुसार जोनल अधिकारी जोन-7 श्री आकाश कुमार के नेतृत्व में बीबीडी यूनिवर्सिटी से तिवारीगंज चौराहे तक अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया गया। कार्यवाही के दौरान 3 ठेले, 2 ठेलियाँ, 1 गुमटी और 1 लोहे का काउण्टर हटाया गया, साथ ही 4 लोहे के काउण्टर, 1 लोहे का ठेला, 1 तराजू और 5 कैरेट जब्त किए गए। अतिक्रमणकर्ताओं को पुनः अतिक्रमण न करने की चेतावनी भी दी गई।
यह कार्यवाही कर अधीक्षक श्री राम अचल, बीबीडी थाने की पुलिस बल, ईटीएफ और 296 टीम की मौजूदगी में संपन्न हुई।
नगर निगम की यह कार्यवाही शहर में सुगम यातायात और साफ-सफाई बनाए रखने की दिशा में एक अहम कदम है। नगर निगम द्वारा अतिक्रमण विरोधी अभियान भविष्य में भी जारी रखने की योजना है।