नगर निगम लखनऊ द्वारा विभिन्न जोनों में अतिक्रमण हटाने का सघन अभियान

Spread the love

ब्राम्ह अनुभूति अखबार प्रदेश जनहित खबर यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

संस्थापक संपादक प्रवीण सैनी

लखनऊ: नगर निगम लखनऊ के विभिन्न जोनों में गुरुवार को अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी के निर्देश और नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के आदेश पर की गई। जोनल अधिकारियों के नेतृत्व में अतिक्रमणकारियों के खिलाफ यह अभियान शहर के कई इलाकों में चलाया गया और बड़ी संख्या में अवैध निर्माण हटाए गए।

जोन-3 क्षेत्र में जोनल अधिकारी श्री अमरजीत सिंह यादव के नेतृत्व में 296 प्रवर्तन दल द्वारा शिया पी०जी० कॉलेज से पक्का पुल तथा पक्का पुल से डालीगंज क्रॉसिंग तक मुख्य मार्गों पर अस्थाई अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई में मुख्य मार्गों से 25 सब्जी और फल विक्रेताओं के ठेले तथा 10 गुमटी हटाई गईं। इससे क्षेत्र में यातायात सुगम हुआ और नागरिकों को राहत मिली।

इसी प्रकार, जोन-5 क्षेत्र में आलमबाग पुलिस चौकी से पुराना जेल रोड होमगार्ड मुख्यालय तिराहे तक अस्थाई अवैध अतिक्रमणों के खिलाफ अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व जोनल अधिकारी श्री नन्दकिशोर ने किया। अभियान के दौरान कर अधीक्षक श्री आलोक कुमार श्रीवास्तव, राजस्व निरीक्षक श्री पीयूष तिवारी, सुश्री रेनू यादव, 296 प्रवर्तन दल और पुलिस बल की उपस्थिति में 06 ठेले, 02 काउंटर और 02 लकड़ी के स्टूल हटाए गए। अतिक्रमणकारियों को दोबारा अतिक्रमण न करने की चेतावनी भी दी गई। अभियान की तस्वीरें भी संलग्न की गई हैं, जिनमें कार्रवाई स्पष्ट दिखाई दे रही है।

जोन-7 क्षेत्र में भी नगर आयुक्त के निर्देशानुसार जोनल अधिकारी श्री आकाश कुमार के नेतृत्व में शक्तिनगर लाल बहादुर शास्त्री द्वितीय वार्ड में नालों पर बनाए गए अवैध रैम्प हटाने की कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई आई०जी०आर०एस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण के तहत की गई। इस दौरान 7 रैम्प को ध्वस्त किया गया और स्थानीय लोगों को भविष्य में अवैध अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी गई। इस अभियान में सहायक अभियंता श्री अशोक कुमार सिंह, अवर अभियंता मो० असलम, गाजीपुर थाना पुलिस बल, ई०टी०एफ० और 296 टीम ने सक्रिय सहभागिता की।

नगर निगम की यह सघन कार्रवाई शहर को स्वच्छ, सुंदर और सुगम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। अधिकारियों ने कहा कि अतिक्रमण हटाने का यह अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेगा ताकि नागरिकों को बेहतरीन सुविधाएं मिल सकें और यातायात व्यवस्था बाधित न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *