नगर निगम लखनऊ के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को दी गई भावभीनी विदाई, एवं अधिकारियों कर्मचारियों नेस्व. राम अचल को अर्पित की श्रद्धांजलि

Spread the love

ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी प्रदेश जनहित खबरउत्तर प्रदेश

संस्थापक संपादक प्रवीण सैनी

लखनऊ नगर निगम मुख्यालय में सोमवार को दो महत्वपूर्ण अवसरों पर नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी एकत्रित हुए। एक ओर जहां आठ सेवानिवृत्त कर्मचारियों के सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन हुआ, वहीं दूसरी ओर नगर निगम कर्मचारी संघ के महामंत्री एवं लेखा विभाग में कार्यरत स्वर्गीय श्री राम अचल जी के असामयिक निधन पर त्रिलोकीनाथ सभागार में एक शोक सभा का आयोजन किया गया।

*31 मई को सड़क दुर्घटना में हुआ श्री राम अचल जी का निधन*
स्व. श्री राम अचल जी का निधन 31 मई को एक दुखद सड़क दुर्घटना में हो गया था। उनकी स्मृति में आयोजित शोक सभा में नगर निगम परिवार के सैकड़ों कर्मचारियों ने भाग लिया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। सभा का वातावरण अत्यंत भावुक था। वक्ताओं ने श्री राम अचल जी के सेवाभाव, ईमानदारी एवं संगठन के प्रति उनके समर्पण को याद करते हुए उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि दी।

*वरिष्ठ अधिकारियों ने साझा कीं भावुक यादें*
इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त श्री ललित कुमार, अपर नगर आयुक्त सुश्री नम्रता सिंह, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी श्री अशोक सिंह, मुख्य अभियंता (सिविल) श्री महेश वर्मा, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पी.के. श्रीवास्तव सहित नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों, अभियंताओं और कर्मचारियों ने श्री राम अचल जी के साथ बिताए पलों को साझा किया। उन्होंने कहा कि राम अचल जी एक कुशल लेखाकार होने के साथ-साथ संवेदनशील, सहयोगी और प्रेरणादायक व्यक्तित्व के धनी थे। उनके निधन से नगर निगम ने एक कर्मठ और समर्पित कर्मचारी को खो दिया है, जिसकी भरपाई कर पाना आसान नहीं होगा।

*ट्रेड यूनियन नेताओं ने जताया सम्मान और संवेदना, सैकड़ों कर्मचारियों की उपस्थिति में श्रद्धांजलि*
इस शोक सभा में विभिन्न कर्मचारी संगठनों के नेताओं ने भी भाग लिया और स्व. राम अचल जी के कर्मचारियों के हितों के लिए किए गए संघर्ष, उनकी निष्ठा और कार्यशैली की सराहना की। प्रमुख ट्रेड यूनियन नेताओं में श्री राजेश सिंह, श्री राजेश भारती, सय्यद कैसर रज़ा, श्री सुनील धानुक, श्री रमेश चौरसिया, श्री शैलेन्द्र तिवारी, श्री जुगल वाल्मीकि, श्री आनंद वर्मा, श्री शमील अखलाख, श्री राकेश लक्खा, श्री जगदीश अटल जी और श्री हरी शंकर पांडेय सहित सैकड़ों कर्मचारी और अधिकारी उपस्थित रहे।

*महापौर और नगर आयुक्त ने व्यक्त किया शोक*
इस अवसर पर माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी एवं नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार जी ने भी शोक व्यक्त किया। यद्यपि वे अपनी शासकीय व्यस्तताओं के कारण कार्यक्रम में स्वयं उपस्थित नहीं हो सके, परंतु उन्होंने स्व. श्री राम अचल जी के निधन पर गहरा दुःख जताया और शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।

*आठ सेवानिवृत्त कर्मचारियों को दी गई विदाई*
शोक सभा के पश्चात सेवानिवृत्त कर्मचारियों का विदाई समारोह आयोजित किया गया। नगर निगम से 31 मई को सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों में *संपत्ति विभाग के प्रथम श्रेणी लिपिक श्री प्रदीप कुमार सेठ, स्वास्थ्य विभाग के सफाई नायक श्री अजय कुमार शुक्ला, उद्यान विभाग के माली श्री अर्जुन प्रसाद, स्वास्थ्य विभाग की सफाई कर्मी श्रीमती प्यारी, श्रीमती रजनी, श्री सुरेश, श्रीमती बेला और अभियंत्रण विभाग की अनुचर श्रीमती नीलम सिंह* शामिल हैं।

*सम्मान और शुभकामनाओं के साथ समापन*
विदाई समारोह में सेवानिवृत्त कर्मचारियों को स्मृति चिन्ह, शॉल एवं पुष्प गुच्छ प्रदान कर उनके सेवा काल के योगदान को सराहा गया। वक्ताओं ने उनके कार्यों की प्रशंसा करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *