ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
सह संपादक कपिल गुप्ता
कोंच नगर में जिला परिषद की भूमि पर अस्थायी रूप से संचालित बस स्टैंड के पास स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय की दो बाउंड्री वाल को तोड़े जाने की कार्यवाही शुरू हो पाती, इससे पहले ही विद्यालय प्रबंध समिति ने एसडीएम को शिकायती पत्र देकर बाउंड्री वाल तोड़ने पर रोक लगाने की मांग की है। जिला परिषद द्वारा दुकानों का निर्माण कर मार्केट विकसित करने की योजना है।
विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष विनय झा एवं सचिव/इंचार्ज प्रधानाध्यापक अतुल सोनी ने शुक्रवार को एसडीएम ज्योति सिंह एवं बीईओ रंगनाथ चौधरी से इस बात की लिखित शिकायत की कि जिला परिषद स्कूल की दो बाउंड्री वाल को तोड़ने वाली है। बीईओ और एसडीएम ने बीएसए को अलग-अलग पत्र लिखकर बताया कि विद्यालय की बाउंड्रीवाल तोड़े जाने और उस जगह पर दुकानों का निर्माण कार्य कराए जाने की जो प्रक्रिया शुरू की जा रही है उस जगह पर विद्यालय का किचिन शेड, शौचालय हौज से लेकर विद्यालय का मेन गेट बना हुआ है। साथ ही तमाम पेड़ पौधे भी लगे हुए हैं जो नष्ट हो जाएंगे। विद्यालय क्रीड़ा स्थल भी खत्म हो जाएगा और भविष्य में पुस्तकालय, प्रयोगशाला आदि का निर्माण कार्य भी जगह के अभाव में नहीं हो सकेगा। उन्होंने विद्यालय और छात्र छात्राओं के हित में बाउंड्री वाल नहीं तोड़े जाने की मांग की है। बताया जा रहा है कि पूर्व में विद्यालय की संपूर्ण जगह जिला परिषद की ही थी लेकिन वर्षों पूर्व जिला परिषद द्वारा बेसिक शिक्षा विभाग/विद्यालय को यह जगह लिखित तौर पर दे दी गई थी। खतौनी में भी यह जगह विद्यालय के नाम पर ही दर्ज है। बेसिक शिक्षा विभाग के बायलॉज में है कि जगह मिलने के बाद ऐसी किसी भी जगह पर बेसिक शिक्षा विभाग का ही पूरा अधिकार होता है और विभाग की मर्जी के बगैर अन्य कोई भी विभाग या संस्था उस जगह का उपयोग नहीं कर सकती है। विद्यालय के बगल में ही संचालित अस्थायी बस स्टैंड की जगह चूंकि जिला परिषद की ही है इसलिए जिला परिषद अपनी जगह पर तो दुकानों का निर्माण करा सकती है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को बाउंड्रीवाल तोड़ने और अगल बगल में रखी गुमटियों को हटाने के लिए ठेकेदार द्वारा जेसीबी मशीन मंगा ली गई थी लेकिन कार्रवाई शुरू हो पाती इससे पहले ही शिकायतों का दौर शुरू हो गया।
_पूरे मामले को लेकर जब बीएसए से जानकारी लेनी चाही तो उनका नंबर नहीं लग सका। बीईओ का कहना है कि बीएसए कार्यालय द्वारा जिला पंचायत कार्यालय को पत्र लिखकर बाउंड्री वाल तोड़े जाने की कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाए जाने की मांग की गई है। फिलहाल बाउंड्री वाल नहीं तोड़ी जा रही है