ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
ब्यूरो चीफ हेमराज मौर्या
पटना: फातिमा बताती है कि ‘भाई बोला कि चिकन बना दो और खरीदने चला गया. थोड़ी देर बाद पता चला कि मेरे भाई राजा को दो गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया गया है. भाई को सीना और पीठ पर गोली मारी गई है. भाई ने मौत से पहले हत्यारे का नाम बताया था.’ पटना में अपराधियों का कहर जारी है. एक और बड़ी घटना को अंजाम दिया गया और दो लोगों को गोली मार दी गई. से
पटना में गोली मारकर हत्या: मंगलवार देर रात पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र के मैनपुरा इलाके में दो युवकों पर बाइक सवार बंदूकधारियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. इस हमले में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है. बताया जाता है कि जब दोनों युवक सड़क पर खड़े थे, अचानक बाइक पर सवार दो अपराधियों ने उन पर गोलियां बरसा दीं.
मौत से पहले कातिल का बताया नाम: मृतक राजा की बहन फातिमा और रुखसाना बताती हैं कि भाई चिकन लाने गया था, तभी उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई है. दो युवकों को गोली मारी गई है. सांस जब चल रहा था, तब राजा ने अपराधियों का नाम बताया था.
“मेरे भाई के नंबर पर फोन आया और बताया गया कि राजा को गोली मार दी गई है. 15 दिन पहले उसके जीजा की मौत हो गई थी और अब मेरे भाई की मौत हो गई है.”- फातिमा, मृतक की बहन
“अमित मारा है. एक और लड़के को पेट में गोली लगी है, पता नहीं बचेगा कि नहीं. मुर्गी लाने गया तभी गोली मार दिया गया. मंदिर के पास गोली मारा गया है.”- रुखसाना, मृतक की बहन
‘मेरे बेटे को न्याय चाहिए’: वहीं रोती बिलखती मृतक की मां लगातार इंसाफ की मांग कर रही है. मां ने कहा कि आखिर मेरे बेटे की क्या गलती थी, क्यों उसको मार दिया. मेरा बच्चा बेगुनाह था. उसके दोस्तों के संगत के कारण हत्या कर दी गई.
“मेरा बच्चा चला गया. बेकसूर को मार डाला. मेरी बहू का क्या होगा. उसका एक छोटा बच्चा भी है. मेरे बेटे को इंसाफ दिलाइये. थाने में उसका कोई रिकॉर्ड नहीं है.”- मृतक राजा की मां
बाइक सवार अपराधियों ने नजदीक से की फायरिंग: हमलावरों ने दोनों युवकों को बेहद करीब से निशाना बनाया और बैक टू बैक फायरिंग की. गोली लगने के बाद दोनों युवकों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां एक युवक राजा कुमार (32 वर्षीय) की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक जितेंद्र कुमार की हालत गंभीर बनी हुई है. जितेंद्र पीएमसीएच में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है. बताया जा रहा है कि इसे भी दो गोली लगी है.
पटना में दहशत: घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. लोगों ने बताया कि हमलावर बिना किसी डर के वहां से फरार हो गए. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और संदिग्धों की तलाश जारी है. वहीं परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है.
युवकों का आपराधिक रिकॉर्ड: पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मारे गए युवक राजा और घायल जितेंद्र दोनों का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है. दोनों पहले भी कई मामलों में जेल जा चुके हैं. खासकर, एक महिला से जुड़े गंभीर मामले में दोनों आरोपी रहे हैं और उन्हें सजा भी हो चुकी है. स्थानीय पुलिस के पास दोनों के नाम अपराधियों की सूची में पहले से दर्ज हैं.
“देर रात पुलिस को सूचना मिली कि दो लोगों को गोली लगी है, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया. राजा को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया. वहीं जितेंद्र का इलाज चल रहा है. अपराधियों को जल्द से जल्द चिह्नित कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा.”- कुमार रौशन, पाटलिपुत्र थाना प्रभारी
पुरानी दुश्मनी का मामला: पुलिस का मानना है कि यह हमला किसी पुरानी दुश्मनी के चलते हुआ है. जिस तरह से दोनों युवकों को निशाना बनाया गया, उससे साफ है कि यह हमला पहले से प्लान किया गया था. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं इस वारदात के पीछे कोई गिरोह या तीसरे पक्ष का हाथ तो नहीं है.
उठे कई सवाल: सबसे बड़ी बात यह है कि यह हमला उसी समय हुआ, जब पटना के एसएसपी ने जिले के सभी एसपी के साथ अपराध नियंत्रण को लेकर एक अहम बैठक की थी. इस घटना ने पुलिस प्रशासन के सामने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है, क्या पटना में अपराधियों के बीच से कानून का डर खत्म हो गया है? क्या पुलिस की कार्रवाई अपराधियों पर कोई असर नहीं डाल पा रही है?
विशेष टीम गठित: घटना के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम बनाई है. सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के बयान के आधार पर संदिग्धों की पहचान की जा रही है. पुलिस को शक है कि हमलावर स्थानीय गैंग से जुड़े हो सकते हैं. साथ ही, पुलिस ने इलाके में अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दी है, ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके.
पहले भी हो चुकी है कई घटनाएं: बता दें कि पिछले कुछ दिनों से राजधानी पटना में ताबड़तोड़ हत्या का सिलसिला चल रहा है. आलमगंज थाना क्षेत्र में अपराधियों ने घर में घुसकर मां और बेटी की हत्या कर दी. वहीं पिता अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ विक्रम थाना क्षेत्र में अपराधियों ने दो युवक को गोली मारी, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई.