पूर्व मानसून तैयारियों को लेकर जीएम जलकल का व्यापक निरीक्षण, सीवर सफाई कार्य में आई तेजी

Spread the love

ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

संस्थापक संपादक प्रवीण सैनी

लखनऊ: बरसात से पहले शहर में जलभराव की समस्या न हो, इसके लिए जलकल विभाग ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार को जलकल विभाग के महाप्रबंधक (जीएम) श्री कुलदीप सिंह ने जोन-3 के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर सीवर सफाई कार्यों की समीक्षा की। इस निरीक्षण अभियान में स्वेज इंडिया के डायरेक्टर श्री राजेश मटपाल भी मौजूद रहे।

निरीक्षण की शुरुआत पुरनिया क्रॉसिंग से की गई, जहां महालक्ष्मी स्वीट्स से लेकर अलीगंज सेक्टर-एच तक सीवर लाइन की मशीन द्वारा सफाई कराई जा रही थी। सुपर सकर मशीन के माध्यम से सीवर की गहराई तक सफाई की जा रही है ताकि मानसून के दौरान जलभराव से बचा जा सके।

इसके बाद जीएम जलकल ने जानकीपुरम तृतीय वार्ड की नहर रोड का निरीक्षण किया। यहाँ माननीय पार्षद श्री दीपक लोधी के साथ मिलकर उन्होंने ट्रंक लाइन और सीवर लाइन की स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि दोनों लाइनों की सफाई समयबद्ध तरीके से की जाए।

निरीक्षण का अगला पड़ाव शुक्ला चौराहा, जानकीपुरम तृतीय रहा। यहां भी ट्रंक सीवर लाइन की स्थिति का निरीक्षण किया गया और अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि इस सीवर लाइन की जल्द मशीन से सफाई कराई जाए।

इसके पश्चात जीएम जलकल ने मनकामेश्वर वार्ड के नदवा रोड क्षेत्र का दौरा किया, जहां उन्होंने ट्रंक सीवर लाइन की सफाई के निर्देश मौके पर ही दिए। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में पानी निकासी की समस्या न हो, इसके लिए जरूरी है कि समय रहते सभी सीवर लाइनों की सफाई कर ली जाए।

निरीक्षण के दौरान जीएम श्री कुलदीप सिंह ने मौके पर मौजूद अधिशासी अभियंता जोन-3 श्री सचिन सिंह यादव, जेई श्री अरुण सिंह, स्वेज इंडिया और जलकल विभाग के अन्य अधिकारियों को निर्देशित किया कि सुपर सकर मशीन के माध्यम से सभी चिन्हित क्षेत्रों में सीवर की गहराई तक सफाई सुनिश्चित कराई जाए।

उन्होंने यह भी कहा कि विभाग की प्राथमिकता है कि आने वाले दिनों में कहीं भी जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो। इसलिए सीवर की नियमित निगरानी और समय पर सफाई बेहद आवश्यक है। इस निरीक्षण अभियान में स्वेज इंडिया और जलकल विभाग के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारीगण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *