सातवें का नाम प्रकाश में लाने के लिए जरूरी मानी जा रही है छठवें अभियुक्त की गिरफ्तारी

Spread the love

ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

सह संपादक कपिल गुप्ता

कोंच पिछले महीने कस्बे में सर्राफा कारोबारी नवीन ज्वैलर्स के यहां पड़ी डकैती में प्रत्यक्ष तौर पर छह अभियुक्तों के नाम प्रकाश में आए थे लेकिन सूत्र ऐसा भी मानते हैं कि इस पूरी घटना में एक सातवां व्यक्ति भी है जिसकी पर्दे के पीछे रहकर इस डकैती कांड में अहम भूमिका बताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने अब तक पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और छठवें की गिरफ्तारी शेष है, लेकिन कोंच के व्यापारियों में सबसे ज्यादा उत्सुकता उस सातवें शख्स को लेकर है जो लोकल का बताया जा रहा है। अब यहां बड़ा सवाल यह है कि क्या सातवें शख्स की पहचान उजागर होने के लिए छठवें की गिरफ्तारी जरूरी है।
15 मई कस्बे के मोहल्ला पटेल नगर में सर्राफ नवीन ज्वैलर्स के यहां पड़ी डकैती कांड का ग्यारहवें दिन खुलासा करते हुए पुलिस मुठभेड़ में तीन बदमाश दबोचे गए थे। 25/26 मई की रात करीब एक बजे परैथा नहर पटरी के पास हुई मुठभेड़ में बदमाशों के पैरों में गोली लगी थी। बदमाशों के पास से डकैती में लूटा गया माल भी बरामद कर लिया गया था, साथ ही उनके पास से असलहे भी बरामद हुए थे। इस सफल अनावरण में कोंच कोतवाली पुलिस के अलावा कैलिया थाना पुलिस एवं एसओजी टीम की अहम भूमिका रही थी। इसके चौबीस घंटे के भीतर ही दूसरी मुठभेड़ भी जुझारपुरा से हिंगुटा जाने वाली नहर पटरी पर हो गई और डकैती कांड में शामिल दो और बदमाश दबोच लिए गए जिसमें एक के पैर में लगी गोली थी और दूसरे बदमाश ने डर के मारे सरेंडर कर दिया था। इस डकैती कांड के खुलासे को लेकर पुलिस की सक्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पुलिस कप्तान डॉ. दुर्गेश कुमार, एएसपी प्रदीप कुमार वर्मा एवं सीओ परमेश्वर प्रसाद लगातार होने वाली प्रोग्रेस की अपडेट ले रहे थे। डकैती कांड से जुड़े पांच अभियुक्तों झांसी जनपद के समथर थाना क्षेत्र के गांव करई के रहने वाले रानू कुशवाहा, रामेंद्र व राजवीर तथा कैलिया के रहने वाले अजय कुशवाहा व रामू कुशवाहा की गिरफ्तारी हो जाने के बाद अब छठवें बदमाश की गिरफ्तारी पुलिस के लिए चुनौती बन गई है क्योंकि इसके बाद से लगभग एक पखवाड़ा होने को आया है लेकिन पुलिस सरगर्मियां बिल्कुल ठंडी पड़ी हैं। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर कब तक होगी उस छठवें बदमाश की गिरफ्तारी जिसकी पूरी कुंडली पुलिस के पास मौजूद है। यहां सबसे दिलचस्प बात यह है कि इस पूरे कांड में एक सातवां व्यक्ति भी लिप्त है जो लोकल का बताया जा रहा है। यहां के सर्राफा कारोबारियों के दिमाग में सबसे बड़ा खटका उसी सातवें शख्स को लेकर है और जब तक वह प्रकाश में नहीं आ जाता, दुकानदारों की नींद उड़ी ही रहेगी। ऐसे में यह भी सवाल मुंह उठाए खड़ा है कि क्या सातवें शख्स की पहचान उजागर करने के लिए छठवें की गिरफ्तारी जरूरी मानी जा रही है।
_इस डकैती कांड से बावस्ता छठवें अभियुक्त की गिरफ्तारी को लेकर सीओ कोंच परमेश्वर प्रसाद का कहना है कि वारंट प्राप्त कर लिया गया है, पुलिस की टीमें अपना काम कर रही हैं। जल्द ही छठवें अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उसकी गिरफ्तारी के बाद आगे की कहानी खुलकर सामने आने की उम्मीद की जा सकती है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *