लखनऊ में नगर निगम का अतिक्रमण और पॉलिथीन विरोधी अभियान तेज

Spread the love

ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

संपादक प्रवीण सैनी

लखनऊ: शहर में बढ़ते पॉलिथीन प्रयोग, अवैध अतिक्रमण और यातायात बाधाओं को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम लखनऊ ने बुधवार को कई जोनों में एक साथ व्यापक अभियान चलाया। यह कार्रवाई महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल के निर्देश और नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के आदेश पर की गई। अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़कों और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कराना और नागरिकों को सुगम व सुरक्षित यातायात उपलब्ध कराना है।

*जोन-2 में कार्रवाई*

जोनल अधिकारी सुश्री शिल्पा कुमारी के नेतृत्व में वार्ड मोतीलाल नेहरू चंद्रभानु गुप्त नगर क्षेत्र में चारबाग नत्था चौराहा, बस स्टैंड और मेट्रो स्टेशन के आस-पास अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया गया। इस दौरान 2 काउंटर, 4 मेज़ और 2 बोर्ड फ्लेक्स जब्त किए गए। गंदगी फैलाने वालों पर 14 चालान लगाकर ₹16,100 वसूले गए और पॉलिथीन के खिलाफ 4 चालानों से ₹8,000 का जुर्माना वसूल किया गया। कार्रवाई में एसीपी रत्नेश सिंह पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।

*जोन-6 में अतिक्रमण हटाया गया*

जोनल अधिकारी श्री मनोज यादव के नेतृत्व में वार्ड भवानीगंज क्षेत्र में टूरियागंज चौराहे से बालदा ढाल तक अभियान चलाया गया। यहां 10 ठेले, 4 काउंटर, 15 अस्थाई दुकानें, 1 लोहे की बेंच और 1 लकड़ी का तख्त हटाया गया। अतिक्रमणकर्ताओं से ₹6,800 का जुर्माना वसूला गया और उन्हें चेतावनी दी गई कि भविष्य में पुनः अतिक्रमण न करें।

*जोन-5 में रेलवे स्टेशन से नत्था चौराहे तक अभियान*

जोनल अधिकारी श्री नंदकिशोर की अध्यक्षता में चारबाग रेलवे स्टेशन से नत्था चौराहे तक अभियान चलाकर 2 काउंटर, 2 गुमटी और 10 ठेले हटाए गए। इसके अलावा 6 लकड़ी की बेंच और 1 लोहे की बेंच जब्त की गई। जिन वेंडरों ने वेडिंग शुल्क जमा नहीं किया था, उन्हें एक सप्ताह के भीतर शुल्क जमा करने की अंतिम चेतावनी दी गई।

*जोन-4 में पत्रकारपुरम से गोमतीनगर रेलवे स्टेशन तक*

जोनल अधिकारी श्री संजय यादव के नेतृत्व में पत्रकारपुरम चौराहे से गोमती नगर रेलवे स्टेशन तक सड़क के दोनों किनारों से अतिक्रमण हटाया गया। अभियान के दौरान साइकिल ट्रैक और ग्रीनबेल्ट पर की गई अवैध पार्किंग भी हटाई गई। नगर निगम की टीम ने मौके से बड़ी मात्रा में सामान जब्त किया।

*जोन-8 में पॉलिथीन पर कड़ी कार्रवाई*

जोनल अधिकारी श्री अजीत राय ने अवध शिल्पग्राम स्थित जी-20 चौराहे पर अभियान चलाकर 5 किलोग्राम पॉलिथीन और 2 गुमटी जब्त कीं। इस दौरान ₹23,000 का शमन शुल्क वसूला गया। अभियान में पुलिस प्रशासन और नगर निगम की टीम मौजूद रही।

नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार ने कहा कि शहर की सुंदरता और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिक्रमण और पॉलिथीन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा, “नगर निगम का उद्देश्य शहरवासियों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुगम वातावरण उपलब्ध कराना है। अतिक्रमण और पॉलिथीन का प्रयोग किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *