ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
संपादक प्रवीण सैनी
लखनऊ नगर निगम लखनऊ व राजस्व प्रशासन की संयुक्त टीम ने गुरुवार को बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर सरकारी भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया। यह कार्रवाई नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार एवं अपर नगर आयुक्त श्रीमती नम्रता सिंह के आदेशानुसार की गई।
निर्देशों के क्रम में सहायक नगर आयुक्त एवं प्रभारी अधिकारी सम्पत्ति श्री रामेश्वर प्रसाद तथा तहसीलदार श्री अरविन्द कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में यह अभियान संचालित हुआ।
ग्राम अलीनगर सुनहरा, तहसील सरोजनीनगर, जिला लखनऊ में स्थित खसरा संख्या 401/0.529 हे० ऊसर दर्ज भूमि में से लगभग 200 वर्गफुट और खसरा संख्या 554 सं0/0.126 हे० ऊसर दर्ज भूमि में से 13,562 वर्गफुट भूमि पर कुछ व्यक्तियों ने अस्थाई रूप से कब्जा कर रखा था। प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर यह कब्जा हटवाया।
*पुलिस बल की मौजूदगी में हुई कार्रवाई*
अभियान को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए नायब तहसीलदार श्री रत्नेश कुमार के निर्देशन में लेखपाल श्री अनुपम कुमार, श्री अरविन्द कुमार गौतम, श्री विनय पाल तथा थाना कृष्णानगर के थानाध्यक्ष पर्याप्त पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। टीम की सक्रियता और स्थानीय पुलिस की सतर्कता से संपूर्ण कार्रवाई बिना किसी विरोध के सफलतापूर्वक पूरी की गई।
*1.10 करोड़ रुपये की भूमि मुक्त*
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि कब्जे से मुक्त कराई गई भूमि का कुल क्षेत्रफल 13,762 वर्गफुट है। इसका वर्तमान बाजार मूल्य लगभग 1 करोड़ 10 लाख रुपये आंका गया है। भूमि मुक्त कराए जाने के बाद अब इसका उपयोग जनहितकारी योजनाओं में किए जाने की संभावना बढ़ गई है।
*अवैध कब्जों पर लगातार सख्ती*
नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अपर नगर आयुक्त श्रीमती नम्रता सिंह ने कहा कि चिन्हित सभी अवैध कब्जों को चरणबद्ध तरीके से हटाया जाएगा।