ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
संपादक प्रवीण सैनी
लखनऊ नगर निगम लखनऊ के कर्मचारियों की समस्याओं और मांगों के समाधान के लिए निगम प्रशासन सक्रिय नजर आ रहा है। नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देशानुसार बुधवार को अपर नगर आयुक्त श्रीमती नम्रता सिंह की अध्यक्षता में समिति कक्ष में नगर निगम से जुड़े तीन प्रमुख कर्मचारी संगठनों के साथ बैठक आयोजित की गई।
इस बैठक में नगर निगम जलकल कर्मचारी संघ लखनऊ, नगर निगम कर्मचारी संघ लखनऊ तथा उत्तर प्रदेश नगर निगम कर्मचारी संघ के पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में संगठनों के अध्यक्ष, महामंत्री और उपाध्यक्ष स्तर के पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान कर्मचारी संगठनों द्वारा पूर्व में नगर निगम प्रशासन को सौंपे गए मांग पत्रों पर विस्तृत चर्चा हुई। इनमें कर्मचारियों के हितों से जुड़े मुद्दे प्रमुख रहे। संगठनों ने कर्मचारियों की सेवा शर्तों, सुविधाओं और कार्य-स्थितियों से जुड़ी विभिन्न मांगों को विस्तार से रखा।
अपर नगर आयुक्त ने सभी संगठनों की बातों को ध्यानपूर्वक सुना और उनकी समस्याओं का सकारात्मक समाधान निकालने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि नगर आयुक्त के निर्देशानुसार कर्मचारियों की जायज मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और जल्द से जल्द ठोस कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
नगर निगम प्रशासन का मानना है कि कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान से कार्यक्षमता और सेवा व्यवस्था में और अधिक सुधार आएगा। कर्मचारियों की भूमिका शहर की स्वच्छता, जलापूर्ति और अन्य सेवाओं में अहम है, ऐसे में उनकी समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
बैठक के अंत में यह आश्वासन दिया गया कि तीनों संगठनों के मांग पत्रों का परीक्षण कर जल्द ही ठोस निर्णय लिया जाएगा। साथ ही, भविष्य में भी ऐसे संवाद जारी रखने पर सहमति बनी, ताकि प्रशासन और कर्मचारी संगठन मिलकर शहर के विकास और नागरिकों को बेहतर सेवाएँ उपलब्ध कराने में सहयोग कर सकें।