यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
– लगभग 30 करोड़ रुपये मूल्य की भूमि पर बने 12 अवैध प्लाट ध्वस्त
लखनऊ। नगर निगम लखनऊ द्वारा सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के अभियान के अंतर्गत गुरुवार को एक बड़ी कार्रवाई की गई। नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देश पर, अपर नगर आयुक्त श्री पंकज श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में ग्राम हरिहरपुर, तहसील सरोजनी नगर में अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए लगभग 50,000 वर्गफुट शासकीय भूमि को मुक्त कराया गया।
नगर निगम द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, ग्राम हरिहरपुर स्थित गाटा संख्या 221 स, क्षेत्रफल 0.658 हेक्टेयर भूमि, जो राजस्व अभिलेखों में ‘ऊसर’ के रूप में दर्ज है, पर कुछ व्यक्तियों द्वारा अवैध रूप से कब्जा कर व्यावसायिक प्लाटिंग की जा रही थी। इससे नगर निगम की निहित शासकीय भूमि को नुकसान पहुंचाया जा रहा था।
*जेसीबी से ध्वस्त किए गए अवैध निर्माण*
नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी मशीनों की सहायता से 12 अवैध रूप से निर्मित प्लाटों को ध्वस्त कर दिया। इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व नायब तहसीलदार नगर निगम श्री तेजस्वी प्रकाश द्वारा किया गया। कार्रवाई के दौरान सहायक नगर आयुक्त एवं प्रभारी अधिकारी सम्पत्ति श्री रामेश्वर प्रसाद तथा तहसीलदार नगर निगम श्री अरविन्द पाण्डेय की ओर से टीम उपलब्ध कराई गई।
*अधिकारियों की मौजूदगी में हुई कार्रवाई*
अभियान के दौरान नगर निगम के राजस्व निरीक्षक श्री प्रदीप गिरी, लेखपाल श्री अजीत तिवारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। इसके साथ ही नगर निगम की ईटीएफ (ETF) फोर्स भी मौके पर तैनात रही, जिससे पूरी कार्रवाई को सुचारु और सुरक्षित ढंग से अंजाम दिया जा सका।
*करीब 30 करोड़ की भूमि हुई मुक्त*
नगर निगम के अनुसार, इस कार्रवाई में कुल लगभग 50,000 वर्गफुट भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है, जिसकी वर्तमान बाजार कीमत करीब 30 करोड़ रुपये आंकी गई है।