यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
लखनऊ नगर निगम की दोहरी पहल—आधारभूत विकास और डिजिटल सेवाओं को मिला नया आयाम
लखनऊ नगर निगम लखनऊ द्वारा शहर के समग्र विकास और नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में गुरुवार को एक बड़ा कदम उठाया गया। जोन-1 के अंतर्गत झंडी वाला पार्क में आयोजित भव्य कार्यक्रम में ₹2962.60 लाख की लागत से निर्मित सड़कों, नालियों एवं पार्कों सहित कुल 456 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया। इसी अवसर पर नगर निगम द्वारा कल्याण मंडपों एवं सामुदायिक केंद्रों की ऑनलाइन बुकिंग हेतु पोर्टल का भी शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मा० महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस दौरान उन्होंने विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण कर शहरवासियों को समर्पित किया।
*समग्र विकास की दिशा में बड़ा कदम*
इन परियोजनाओं के तहत शहर की सड़कों का निर्माण एवं चौड़ीकरण, नालियों का सुदृढ़ीकरण, पार्कों का सौंदर्यीकरण तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया गया है। इससे जहां एक ओर यातायात व्यवस्था सुगम होगी, वहीं दूसरी ओर स्वच्छता और हरित वातावरण को भी बढ़ावा मिलेगा। नगर निगम का लक्ष्य है कि शहर के प्रत्येक क्षेत्र में संतुलित और समान विकास सुनिश्चित किया जाए।
*जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी रहे मौजूद*
इस अवसर पर कार्यकारिणी उपाध्यक्ष श्रीमती चरनजीत गांधी, उपनेता पार्षद दल भाजपा श्री सुशील तिवारी ‘पम्मी’, नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार, जोन-1 के माननीय पार्षद श्री सफीकुर रहमान ‘चचा’, श्री गिरीश गुप्ता, श्री आशीष हितैषी, श्री यावर हुसैन रेशु, अपर नगर आयुक्त श्री पंकज श्रीवास्तव, श्री अरुण कुमार गुप्त, मुख्य अभियंता श्री महेश वर्मा, नगर अभियंता श्री अतुल मिश्रा सहित अनेक पार्षदगण, नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
*महापौर ने बताई विकास की सोच*
मा० महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने अपने संबोधन में कहा कि यह अवसर उनके लिए अत्यंत हर्ष और गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि लगभग ₹2962.60 लाख की लागत से तैयार की गई 456 परियोजनाएं केवल विकास कार्य नहीं, बल्कि लखनऊ के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव हैं।
उन्होंने कहा कि “लखनऊ एक ऐतिहासिक और सांस्कृतिक नगरी होने के साथ-साथ तेजी से विकसित होता आधुनिक शहर भी है। ऐसे में हमारी जिम्मेदारी है कि हम विकास और विरासत के बीच संतुलन बनाए रखें।” महापौर ने यह भी कहा कि नगर निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों, इंजीनियरों और जनप्रतिनिधियों के सामूहिक प्रयासों से ही यह कार्य संभव हो सका है।
उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि विकास कार्यों के साथ-साथ उनकी देखभाल भी आवश्यक है, इसलिए सभी लोग स्वच्छता बनाए रखें और अपने शहर के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
*डिजिटल सुविधा: अब घर बैठे होगी मंडपों की बुकिंग*
कार्यक्रम के दौरान मा० महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी द्वारा एक और महत्वपूर्ण पहल करते हुए कल्याण मंडपों और सामुदायिक केंद्रों की ऑनलाइन बुकिंग हेतु पोर्टल का शुभारंभ किया गया। इस नई व्यवस्था के माध्यम से नागरिक अब घर बैठे ही मंडपों की उपलब्धता देख सकेंगे और ऑनलाइन बुकिंग कर सकेंगे।
यह पहल “ई-गवर्नेंस” को बढ़ावा देने के साथ-साथ पारदर्शिता और समयबद्ध सेवा सुनिश्चित करेगी। इससे नागरिकों को कार्यालयों के चक्कर लगाने से मुक्ति मिलेगी और प्रक्रिया अधिक सरल एवं सुलभ बनेगी।
*निर्धारित शुल्क भी किए गए जारी*
नगर निगम द्वारा विभिन्न कल्याण मंडपों और सामुदायिक केंद्रों के लिए शुल्क भी निर्धारित किए गए हैं। प्रमुख केंद्रों में महानगर, जियामऊ, मानसरोवर, विकास नगर, आनंद नगर, सरस्वती नगर, लालबंगला, नरही, गणेशगंज, सरोजनी नगर आदि शामिल हैं, जिनकी बुकिंग अब ऑनलाइन माध्यम से की जा सकेगी।
*कल्याण मंडप/सामुदायिक केंद्रों के निर्धारित शुल्क*
नगर निगम द्वारा विभिन्न केंद्रों के लिए निम्नलिखित शुल्क निर्धारित किए गए हैं—
– महानगर कल्याण मंडप एवं सामुदायिक केंद्र- ₹90,720
– सामुदायिक केंद्र, बरोलिया डालीगंज – ₹4,130
– जियामऊ कल्याण मंडप एवं सामुदायिक केंद्र – ₹63,924
– बाबू बनारसी दास सामुदायिक केंद्र – ₹9,800
– लालकुआ कल्याण मंडप एवं सामुदायिक केंद्र – ₹7,000
– गणेशगंज कल्याण मंडप एवं सामुदायिक केंद्र – ₹8,260
– नरही कल्याण मंडप एवं सामुदायिक केंद्र – ₹8,260
– विकास नगर कल्याण मंडप एवं सामुदायिक केंद्र – ₹82,600
– सामुदायिक केंद्र, सेक्टर-4, विकास नगर – ₹41,300
– मानसरोवर कल्याण मंडप एवं सामुदायिक केंद्र – ₹1,23,900
– आनंद नगर कल्याण मंडप एवं सामुदायिक केंद्र – ₹15,400
– सरस्वती कल्याण मंडप एवं सामुदायिक केंद्र – ₹16,520
– डीएचपी फ्लैट – ₹248 प्रति रूम प्रति दिन
– गौरी बाजार कल्याण मंडप, सरोजनी नगर – ₹21,000
– माधव कल्याण मंडप एवं सामुदायिक केंद्र – ₹8,012
– केशव कल्याण मंडप एवं सामुदायिक केंद्र – ₹8,012