यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
लखनऊनगर निगम लखनऊ द्वारा सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को एक महत्वपूर्ण कार्रवाई की गई। नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देशन में तथा अपर नगर आयुक्त श्री पंकज श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में ग्राम हसनपुर खेवली (अंसल), तहसील सरोजनी नगर, जिला लखनऊ में अवैध कब्जे के खिलाफ सख्त कदम उठाए गए।
*0.253 हेक्टेयर भूमि कराई गई कब्जामुक्त*
ग्राम हसनपुर खेवली स्थित गाटा संख्या 710, जिसका कुल क्षेत्रफल 0.607 हेक्टेयर (ऊसर भूमि) है, पर कुछ व्यक्तियों द्वारा अवैध रूप से कब्जा किया जा रहा था। स्थानीय लोगों द्वारा अस्थायी बाउंड्री वॉल बनाकर तथा पौधरोपण कर भूमि को कब्जाने का प्रयास किया जा रहा था। प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी मशीन की सहायता से इन अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई में कुल 0.253 हेक्टेयर भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया।
*टीम ने मौके पर पहुंचकर किया प्रभावी संचालन*
इस अभियान का नेतृत्व सहायक नगर आयुक्त एवं प्रभारी अधिकारी (संपत्ति) श्री रामेश्वर प्रसाद तथा तहसीलदार नगर निगम लखनऊ श्री अरविंद पाण्डेय द्वारा गठित टीम ने किया। मौके पर नायब तहसीलदार श्री तेजस्वी प्रकाश के नेतृत्व में पूरी टीम सक्रिय रही। इस दौरान राजस्व निरीक्षक श्री प्रदीप गिरी, नगर निगम लेखपाल श्री अनुपम कुमार, श्री संदीप कुमार एवं राजस्व लेखपाल श्री ओम प्रकाश गौड़ सहित नगर निगम की ईटीएफ फोर्स भी मौजूद रही।
*मुक्त कराई गई भूमि की कीमत लगभग 4 करोड़ रुपये*
नगर निगम द्वारा अतिक्रमण से मुक्त कराई गई 0.253 हेक्टेयर भूमि की वर्तमान बाजार कीमत लगभग 4 करोड़ रुपये आंकी गई है।