पहले बड़े मंगल पर ‘जीरो वेस्ट’ भंडारों की पहल, नगर निगम ने चलाया व्यापक स्वच्छता अभियान

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ

470 पंजीकृत भंडारों में गीला-सूखा कचरा पृथक्करण, 79 स्थानों पर पानी के टैंकर; श्रद्धालुओं को सिंगल-यूज प्लास्टिक से बचने का संदेश

लखनऊ ज्येष्ठ माह के पहले बड़े मंगल के अवसर पर शहर भर में आस्था और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला, जहां सैकड़ों स्थानों पर भंडारों का आयोजन किया गया। इस दौरान नगर आयुक्त आदरणीय श्री गौरव कुमार जी के निर्देशन में नगर निगम की टीम ने ‘जीरो वेस्ट भंडारा’ को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया। नगर निगम की आईईसी टीम द्वारा भंडारा आयोजकों और श्रद्धालुओं को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।

*470 भंडारों में पहले से तैयारियां, स्वच्छता पर विशेष फोकस*
नगर निगम में पूर्व पंजीकृत 470 भंडारा आयोजनों के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। प्रत्येक स्थल पर गीले और सूखे कचरे के पृथक्करण हेतु अलग-अलग डस्टबिन की व्यवस्था की गई। साथ ही आयोजन स्थलों पर साफ-सफाई सुनिश्चित करने के लिए विशेष निगरानी रखी गई। आयोजकों को सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करने तथा दोना-पत्तल और कुल्हड़ के उपयोग के लिए प्रेरित किया गया।

*आठों जोन में सघन निगरानी, पानी की समुचित व्यवस्था*
नगर निगम ने आठों जोनों में जोनल सेनेटरी ऑफिसर के नेतृत्व में स्वच्छता व्यवस्था पर कड़ी नजर रखी गई। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शहर के 79 स्थानों पर जलकल विभाग ने पानी के टैंकर लगाए, जबकि प्रत्येक जोन में एक-एक टैंकर रिफिलिंग के लिए आरक्षित रखा गया, जिससे सभी भंडारा स्थलों पर निरंतर जलापूर्ति सुनिश्चित हो सके।

*स्वच्छ सर्वेक्षण के तहत फीडबैक व जागरूकता अभियान*
नगर निगम द्वारा बड़े मंगल को ‘जीरो वेस्ट इवेंट’ बनाने की दिशा में विशेष अभियान चलाया गया। हर भंडारे में हरे और नीले डस्टबिन लगाए गए तथा बैनर, स्टैंडी और फ्लायर के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया गया। स्वच्छता वालंटियर्स द्वारा श्रद्धालुओं को जागरूक किया गया, वहीं स्वच्छ सर्वेक्षण के अंतर्गत नागरिकों से फीडबैक भी लिया गया। कचरा संग्रहण वाहनों पर स्वच्छता जागरूकता जिंगल भी प्रसारित किए गए।

*हजरतगंज में सामाजिक संस्थाओं व नगर निगम की संयुक्त पहल*
हजरतगंज क्षेत्र में सामाजिक संस्थाओं के तत्वाधान में ‘जीरो वेस्ट भंडारा’ की सराहनीय पहल की गई। इस अभियान में नगर निगम लखनऊ, एलएसए, सामाजिक संस्थाओं व वालंटियर्स ने मिलकर विशेष सफाई अभियान चलाया। भंडारा स्थल और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता सुनिश्चित की गई तथा कचरा प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया गया।

*नगर आयुक्त के निर्देश व नागरिकों से अपील*
नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार जी ने सभी जोनल सेनेटरी ऑफिसर्स को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में फिजिकल भ्रमण कर जिन भी स्थानों पर भंडारे आयोजित हुए हैं, वहां विशेष साफ-सफाई सुनिश्चित कराएं, ताकि भंडारे के बाद कहीं भी कूड़ा जमा न रहे। इसके साथ ही उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी भंडारे का पंजीकरण अभी तक नहीं कराया गया है, तो अगले मंगलवार को आयोजित होने वाले भंडारों के लिए नगर निगम के टोल फ्री नंबर 1533 या ‘लखनऊ वन’ एप के माध्यम से निशुल्क पंजीकरण अवश्य कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *