यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
सरोजनीनगर विधायक डॉ राजेश्वर सिंह ने समाजवादी पार्टी के नेताओं द्वारा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ की गई अमर्यादित एवं असंसदीय टिप्पणी की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में वैचारिक मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन सार्वजनिक जीवन की मर्यादा और भाषा की गरिमा कभी नहीं टूटनी चाहिए।
डॉ राजेश्वर सिंह ने कहा कि व्यक्ति की भाषा ही उसके संस्कार, सोच और राजनीतिक संस्कृति का परिचय देती है। सभ्य समाज में राजनीतिक विरोध के बावजूद शालीनता बनाए रखना आवश्यक है, जबकि अभद्र भाषा केवल राजनीतिक हताशा को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश की जनता उनके नेतृत्व, कार्य और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण से पहचानती है। इस प्रकार की बयानबाज़ी उनकी गरिमा को कम नहीं करती, बल्कि टिप्पणी करने वालों की राजनीतिक संस्कृति को उजागर करती है।
डॉ राजेश्वर सिंह ने कहा कि राजनीति संवाद, विकास और जनसेवा का माध्यम होनी चाहिए, न कि व्यक्तिगत अपमान और स्तरहीन बयानबाज़ी का मंच। उन्होंने ऐसी टिप्पणियों को लोकतांत्रिक मूल्यों और सार्वजनिक जीवन की गरिमा के विरुद्ध बताया।