ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
संस्थापक संपादक प्रवीण सैनी
कुशीनगर: जिले में एसिड अटैक के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया. विशुनपुरा थाना क्षेत्र के जंगल बैकुंठपुर कोठी में छिपे आरोपी चंदन को पुलिस ने घेर लिया. आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की. इस दौरान आरोपी के पैर में गोली लग गई. घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस ने उसके पास से एक अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किये.
बता दें कि वारदात सोमवार देर शाम को हुई थी. दुदही कस्बे में आरोपी चंदन ने घर में घुसकर 18 वर्षीय युवती पर एसिड फेंक दिया था. उस समय युवती अपने घर पर खाना बना रही थी. आरोपी दूसरे के छत से अंदर घुसकर हमला किया. हमले में युवती का चेहरा और आंखें बुरी तरह झुलस गयीं. उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे कुशीनगर जिला अस्पताल से गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है.
एसपी संतोष मिश्रा ने बताया कि पीड़िता और आरोपी पड़ोसी हैं. दोनों के बीच पिछले 5 साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था. आरोपी चंदन दलित समाज से है, जबकि पीड़िता मद्देशिया परिवार से है. पीड़िता तीन बहनों में सबसे छोटी है. उसकी दो बड़ी बहनों की शादी हो चुकी है. पीड़िता की शादी की बात दूसरी तरफ चल रही थी. प्रेमी इस बात से नाराज था. बदला लेने के लिए उसने इस घटना को अंजाम दिया. पुलिस ने महज 18 घंटों में आरोपी को पकड़ लिया. पुलिस ने आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था.