लखनऊ नगर निगम संपत्ति विभाग की समीक्षा बैठक में नगर आयुक्त ने दिए सख्त निर्देश, अवैध कब्जों और भू-माफियाओं पर कार्रवाई के आदेश

Spread the love

ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 प्रदेश जनहित खबर उत्तर प्रदेश

चीफ एडिटर प्रवीण सैनी

लखनऊ नगर निगम मुख्यालय में नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को संपत्ति विभाग की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर नगर आयुक्त श्री पंकज कुमार, प्रभारी अधिकारी संपत्ति श्री संजय यादव सहित संपत्ति विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

*संपत्ति रजिस्टर मेंटेन करने और सर्वेक्षण के निर्देश*
नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नगर निगम की सभी संपत्तियों का संपत्ति रजिस्टर व्यवस्थित रूप से तैयार और अद्यतन किया जाए। साथ ही विस्तारित क्षेत्रों में सर्वेक्षण कर अवैध कब्जों की पहचान की जाए।

*अवैध कब्जों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश*
बैठक में नगर आयुक्त ने कहा कि सरकारी जमीनों पर किए गए अवैध अतिक्रमण को तत्काल हटाया जाए। प्रारंभिक स्तर पर ही अवैध निर्माण कार्यों की पहचान कर उन्हें रोका जाए, ताकि निगम की भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

*भू-माफियाओं पर नकेल कसने का आदेश*
नगर आयुक्त ने अवैध प्लॉटिंग करने वाले भू-माफियाओं पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों पर कानूनी शिकंजा कसा जाए और इन गतिविधियों को समय रहते रोका जाए।

*अपर नगर आयुक्त ने विभागीय उपलब्धियों की दी जानकारी*
बैठक के दौरान अपर नगर आयुक्त श्री पंकज कुमार ने बताया कि संपत्ति विभाग ने इस वर्ष में अब तक 188 अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाए हैं, जिनके माध्यम से 121.306 हेक्टेयर भूमि को मुक्त कराया गया है। साथ ही 27 एफआईआर भी दर्ज की गई हैं।

*नगर आयुक्त ने विभागीय कार्य की सराहना की*
नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार ने संपत्ति विभाग के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह प्रयास नगर की व्यवस्था सुधारने और निगम की संपत्तियों की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने इस कार्य को जारी रखने के निर्देश दिए।

*कार्य में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने का आह्वान*
बैठक के समापन पर नगर आयुक्त महोदय ने कहा कि संपत्ति से संबंधित सभी कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही होनी चाहिए, ताकि आम नागरिकों को लाभ मिल सके और नगर निगम की छवि मजबूत हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *