यूपी लाइव न्यूज 24 प्रदेश जनहित खबर उत्तर प्रदेश
चीफ एडिटर प्रवीण सैनी
लखनऊ। नगर निगम लखनऊ द्वारा अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत गुरुवार, 2 मई 2025 को जोन 2 के राजाजीपुरम वार्ड में विशेष कार्रवाई की गई। यह अभियान जोनल अधिकारी सुश्री शिल्पा कुमारी के नेतृत्व में ज़ोनल सेनेटरी ऑफिसर (ZSO) श्री रामसकल, सफाई निरीक्षक श्री राजेश कुशवाहा, श्री सचिन प्रकाश सक्सेना, आरआई श्री रोहित सैनी तथा 296 अभियंत्रण टीम की उपस्थिति में चलाया गया।
अभियान का संचालन अंडर बाईपास राजाजीपुरम से शुरू होकर जलालपुर फाटक होते हुए रानी लक्ष्मीबाई अस्पताल तक किया गया। इस दौरान नगर निगम की टीम ने सड़क किनारे बनाए गए 28 अस्थायी अतिक्रमणों को हटवाया, जिनमें अवैध ठेले, खोमचे और दुकान के आगे फैली सामग्री शामिल थी। दो काउंटर व तीन ठेले जब्त किए गए, और मौके पर ही ₹11,000 का जुर्माना भी वसूला गया।
कार्रवाई के दौरान एक मानवीय पहलू भी सामने आया। अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया में एक 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला की झोपड़ी भी हटाई गई, जो लंबे समय से उस स्थान पर रह रही थीं। इस पर जोनल अधिकारी सुश्री शिल्पा कुमारी ने तत्परता दिखाते हुए बुजुर्ग महिला को नगर निगम के शेल्टर होम (रैन बसेरा) में पहुंचाया, ताकि उन्हें सुरक्षित ठिकाना मिल सके।
जोनल अधिकारी ने बताया कि यह अभियान नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देशानुसार चलाया गया है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण न केवल यातायात को प्रभावित करता है, बल्कि नागरिकों की सुरक्षा में भी बाधा उत्पन्न करता है।
नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वेच्छा से अतिक्रमण न करें और नगर को स्वच्छ, सुंदर व व्यवस्थित बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। निगम ने यह भी स्पष्ट किया है कि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण करने पर और अधिक सख्त कार्रवाई की जाएगी।