यूपी के कौशांबी-मथुरा और उन्नाव में हादसे; सात लोगों की मौत, तीस से ज्यादा घायल, कई की हालत गंभीर

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

उप संपादक संजय मिश्रा

कौशांबी/मथुरा/उन्नाव: यूपी में 24 घंटे के अंदर तीन बड़े हादसे हो गए. इसमें कौशांबी में एक स्कॉर्पियो गाड़ी पेड़ से टकरा गई, जिसमें 4 लोगों की मौत हो गई है. मृतकों में एक एयरफोर्स कर्मी भी शामिल है. घटना उस वक्त हुई जब कार सवार एक शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे. दुर्घटना में एक व्यक्ति गंभीर घायल भी है. सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला और इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा. हादसा पिपरी थाना क्षेत्र के गुगवा में बाग के पास का है.
वहीं, मथुरा में रविवार सुबह यमुना एक्सप्रेस-वे पर मांट इलाके के जावरा के पास तेज रफ्तार सफारी अज्ञात वाहन से टकरा गई. हादसे में कार सवार दो लोगों की मौके पर मौत हो गई. जबकि उन्नाव में दिल्ली से गोरखपुर जा रही बस और ट्रक में टक्कर हो गई. इसमें चालक की मौत हो गई, जबकि 27 यात्री घायल हैं. इन तीनों दुर्घटनाओं में 30 से ज्यादा लोग घायल हैं.
जानकारी के मुताबिक, पिपरी थाना क्षेत्र के दरियापुर पटेल नगर से बारातियों से भरी एक स्कार्पियो कार बारात से घर वापस जा रही थी. जैसे ही कार गुगवा के बाग के पास पहुंची, अचानक बेकाबू होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई.

एयरफोर्स कर्मी की भी हुई मौत: इस हादसे में पुरामुफ्ती थाना क्षेत्र के मानिकपुर निवाली सुनील कुमार पटेल (35) पुत्र खालिक सिंह पटेल, रविकुमार पटेल (38) पुत्र शंभू पटेल, पूरा पजवा बाकराबाद निवासी चंदबदन (35) पुत्र गुलाब सिंह पटेल और बलिया जिले के बटौरिया थाना क्षेत्र के करन छपरा निवासी विकास कुमार (38) पुत्र दिनेश सिंह की मौत हो गई. इसमें विकास कुमार (38) पुत्र दिनेश सिंह उम्र एयर फोर्स कर्मचारी बताए जा रहे हैं.
वहीं, धूमनगंज थाना क्षेत्र के कोटवा गांव निवासी ड्राइवर अमित कुमार गंभीर रूप से घायल है. उसे घायल अवस्था में एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां इलाज किया जा रहा है. घटना की जानकारी मिलते ही शादी वाले घर पर मातम पसरा हुआ है.

जामुन के पेड़ से टकराई कार: थानाध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह ने बताया कि बारातियों से भरी एक स्कॉर्पियो सड़क के किनारे जामुन के पेड़ से टकरा गई, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई है. वहीं, ड्राइवर गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज कराया जा रहा है.
मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर हादसा, दो की मौत, तीन घायल: रविवार सुबह यमुना एक्सप्रेस-वे पर मांट क्षेत्र जावरा के पास तेज रफ्तार सफारी अज्ञात वाहन से टकरा गई. हादसे में कार सवार दो लोगों की मौके पर मौत हो गई, तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. सफारी सवार सभी लोग नोएडा से आगरा की ओर जा रहे थे. बताते हैं कि नोएडा के रहने वाले प्रेम सिंह, पत्नी पूजा, सूर्य सिंह, सुमित, रोशन आगरा की ओर जा रहे थे. मथुरा में हादसे का शिकार हो गए. अस्पताल में डॉक्टरों ने सुमित और पूजा को मृत घोषित कर दिया और तीन लोगों का इलाज जिला अस्पताल में कराया जा रहा है.
उन्नाव में ट्रक से भिड़ी बस, चालक की मौत, 27 घायल: उन्नाव में रविवार देर रात दिल्ली से गोरखपुर जा रही एक यात्री बस आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर ट्रक से टकरा गई. यह दुर्घटना थाना औरास क्षेत्र के अंतर्गत किमी संख्या 264 के पास रात करीब 1 बजे हुई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के चालक हरेन्द्र सिंह (निवासी कोलशेरी, संगरूर, पंजाब) की मौके पर ही मौत हो गई.
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही थाना औरास पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और रेस्क्यू कार्य शुरू किया. बस में सवार कुल 27 यात्री घायल हो गए थे, जिनमें से 11 की हालत गंभीर बताई जा रही है. सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी औरास भेजा गया, जहां से गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया.
घायलों में हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और बिहार के यात्री शामिल हैं. गंभीर रूप से घायल यात्रियों में रूपलाल (हिमाचल), सुधा सिंह व अभय सिंह (गोरखपुर), कुसुम व वीरेन्द्र गुप्ता (देवरिया), कविता व साक्षी (दिल्ली), प्रभात (शिवान, बिहार), निशा व विशेष कुमार (मयूर विहार, दिल्ली), और जुगनू (कुशीनगर) के नाम शामिल हैं.

सीओ बांगरमऊ अरविंद चौरसिया ने बताया कि सभी घायलों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है. मामूली रूप से घायल यात्रियों को प्राथमिक चिकित्सा के बाद उनके गंतव्य तक सुरक्षित पहुंचाने की व्यवस्था की गई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *