गौरी गांव में नगर निगम ने अवैध कब्जा हटाया, करोड़ों की जमीन मुक्त

Spread the love

ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

चीफ एडिटर प्रवीण सैनी

लखनऊ: नगर निगम लखनऊ द्वारा चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत मंगलवार को गौरी गाँव, तहसील सरोजनी नगर में सरकारी भूमि से अवैध कब्जे हटाए गए। यह कार्रवाई नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देशानुसार तथा अपर नगर आयुक्त श्री पंकज श्रीवास्तव द्वारा गठित टीम द्वारा की गई।

ग्राम गौरी के गाटा संख्या 1003/0.347 हेक्टेयर और 1004/0.026 हेक्टेयर भूमि जो नगर निगम की संपत्ति है, पर कुछ प्रॉपर्टी डीलरों द्वारा प्लॉटिंग कर अवैध रूप से कब्जा कर लिया गया था। मौके पर जेसीबी मशीन द्वारा अतिक्रमण को ध्वस्त कर भूमि को कब्जा मुक्त कराया गया। यह अभियान नगर निगम के प्रभारी अधिकारी संपत्ति श्री संजय यादव और तहसीलदार श्री अरविंद पांडेय के नेतृत्व में संपन्न हुआ।

अभियान में नगर निगम के नायब तहसीलदार श्री रत्नेश कुमार, राजस्व निरीक्षक श्री अविनाश चंद्र तिवारी, लेखपाल श्री संदीप यादव, श्री अनुपम मिश्रा, श्री अजीत तिवारी एवं क्षेत्रीय लेखपाल श्री ओ पी राजपूत शामिल रहे। इसके अतिरिक्त थाना सरोजनी नगर पुलिस बल तथा नगर निगम की एनफोर्समेंट टास्क फोर्स (ईटीएफ) भी मौके पर मौजूद रही।

इस कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानीय लोगों द्वारा विरोध भी किया गया, परंतु प्रशासन ने शांति एवं संयम से स्थिति को संभालते हुए पूरी कार्रवाई को सफलतापूर्वक संपन्न किया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों को समझाकर अतिक्रमण हटाने की आवश्यकता के बारे में बताया और विधि सम्मत प्रक्रिया से कार्य को अंजाम दिया।

कार्रवाई के दौरान कुल 0.373 हेक्टेयर भूमि अवैध कब्जे से मुक्त कराई गई। यह भूमि बाजार दर के अनुसार लगभग छह करोड़ तीन लाख रुपये मूल्य की आंकी गई है। इस ज़मीन पर प्लॉटिंग कर विक्रय की तैयारी चल रही थी, जिससे न केवल सरकारी संपत्ति का नुकसान हो रहा था, बल्कि शहर की विकास योजनाओं में भी बाधा उत्पन्न हो रही थी।

नगर निगम लखनऊ ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस तरह के अतिक्रमण पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा। नागरिकों से अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों में भाग न लें और नगर निगम का सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *