नगर निगम की लापरवाही से जनता में आक्रोश, कार्रवाई की उठी मांग

Spread the love

ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

चीफ एडिटर प्रवीण सैनी

लखनऊ शहर में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है और अब यह स्थिति भयावह होती जा रही है। ताजा मामला मल्लाही टोला सेकंड के अब्बास नगर इलाके का है, जहां दो मासूम बच्चों को आवारा कुत्तों ने गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और नागरिकों में नगर निगम की कार्यशैली को लेकर गहरा आक्रोश व्याप्त है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि उन्होंने कई बार कुत्तों की बढ़ती संख्या और उनकी आक्रामकता को लेकर नगर निगम से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। नागरिकों का आरोप है कि नगर निगम पूरी तरह से निष्क्रिय बना हुआ है और जानवरों के प्रति अत्यधिक सहानुभूति रखने वाले कुछ लोगों के दबाव में कोई कार्रवाई नहीं की जाती।

ऐसा प्रतीत होता है जैसे इंसानों की जान की कोई कीमत नहीं बची है। कुछ संगठनों को आवारा कुत्तों की चिंता तो है, लेकिन इंसानों की सुरक्षा की कोई परवाह नहीं,ऐसा कहना है स्थानीय निवासी दिलशाद काजमी का जिनके पड़ोस में यह घटना हुई।

घायल बच्चों का इलाज पास के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, बच्चों को गहरे घाव आए हैं लेकिन उनकी हालत अब स्थिर है।

स्थानीय पार्षद एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मांग की है कि नगर निगम तत्काल संज्ञान ले और क्षेत्र से आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। साथ ही, ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्थायी समाधान की मांग भी जोर पकड़ रही है।

अब्बास नगर जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्रों में यह स्थिति अगर बनी रही तो आने वाले समय में बड़ी अनहोनी से इंकार नहीं किया जा सकता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *