ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
संस्थापक संपादक प्रवीण सैनी
लखनऊ: जोन- पांच के जोनल अधिकारी श्री नंदकिशोर को गुरुवार सुबह एक महत्वपूर्ण सूचना प्राप्त हुई कि अली नगर सुनहरा, कृष्णा नगर क्षेत्र में स्थित एक खाली प्लॉट में बनी टैंक में एक गाय गिर गई है।
यह घटना उस समय प्रकाश में आई जब स्थानीय निवासी सुजीत कुमार ने नगर निगम को शिकायत दर्ज कराई कि देर रात एक गाय खाली प्लॉट में बने टैंक में गिर गई है और बाहर नहीं निकल पा रही है।
सूचना मिलते ही जोनल अधिकारी श्री नंदकिशोर ने तत्परता दिखाते हुए नगर निगम के कंट्रोल रूम से संपर्क कर रेस्क्यू टीम को मौके पर भेजा। टीम ने मौके पर पहुंचकर विशेष उपकरणों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और कई घंटे की मशक्कत के बाद गाय को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
रेस्क्यू के बाद घायल और डरी हुई गाय को प्राथमिक उपचार के लिए नगर निगम की देखरेख में कान्हा उपवन भेजा गया, जहां उसकी देखभाल की जा रही है।
जोनल अधिकारी श्री नंदकिशोर ने बताया कि यह घटना खाली प्लॉट की टूटी हुई बाउंड्री और खुली टंकी के कारण हुई है। यह लापरवाही न केवल पशुओं के लिए खतरनाक है बल्कि क्षेत्रवासियों की सुरक्षा के लिए भी एक बड़ा खतरा बन सकती है।
उन्होंने खाली प्लॉट के मालिक को नोटिस जारी कर प्लॉट की टूटी बाउंड्री को मरम्मत कराने और खुले टैंक को तुरंत कवर करने के निर्देश दिए हैं, जिससे भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने निजी प्लॉट या निर्माण स्थलों को सुरक्षित रखें, खुली टंकियों को ढकें और आसपास की साफ-सफाई का ध्यान रखें। इस प्रकार की लापरवाही किसी भी समय बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है।