ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
सह संपादक कपिल गुप्ता
दुर्ग: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुलिस ने एक बांग्लादेशी महिला को अवैध रूप से भारत में घुसपैठ कर निवास करने के आरोप में गिरफ्तार किया है. यह महिला पिछले करीब एक डेढ़ साल से भिलाई के सुपेला इलाके में रह रही थी और अपनी असली पहचान छुपाकर फर्जी नाम से जीवन व्यतीत कर रही थी. एसएसपी विजय अग्रवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस मामले की जानकारी दी.
बांग्लादेशी महिला गिरफ्तार: गिरफ्तार की गई महिला की असली पहचान पन्ना बीवी के रूप में हुई है, जो बांग्लादेश की नागरिक है. वह भारत में अंजली सिंह उर्फ काकोली घोष के नाम से रह रही थी. उसने आधार कार्ड सहित अन्य जरूरी दस्तावेजों में फर्जी पहचान दर्शाई थी और यहां विभिन्न सेवाओं का लाभ भी उठाया था, जिसमें इलाज भी शामिल है. एएसपी विजय अग्रवाल ने बताया कि जानकारी मिली थी कि महिला अवैध प्रवासी है और अपनी आइडेंटिटी छुपाकर रह रही है. सूचना पर एसटीएफ एक्टिव हुई और तथ्यों की तस्दीक की और उसके आधार पर महिला को गिरफ्तार किया है.
सुपेला में छिपकर रह रही थी महिला: पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिला मूलत: बांग्लादेश की रहने वाली है. पहले कुछ समय पश्चिम बंगाल में रही, फिर दिल्ली में रही. पिछले करीब एक डेढ़ साल से सुपेला में रह रही थी. बीएनएस की धाराओं में, वीजा एक्ट, पासपोर्ट अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है.
बांग्लादेश में एक एप के जरिए वह अपने परिवार वालों से लगातार संपर्क में रहती थी. वह अपने कोलकाता में एक परिचित के जरिए बांग्लादेश में अपने घर में पैसा भी भेजती थी: विजय अग्रवाल,एएसपी, दुर्ग
मकान मालिक भी गिरफ्तार: पुलिस ने बताया कि अभी तक की जानकारी के मुताबिक वह रायपुर में एक घर में काम करती थी, उसकी तस्दीक की जानी है. पुलिस तह तक जानकारी जुटाकर कार्रवाई कर रही है. पुलिस ने इस महिला को किराए पर रखने वाले मकान मालिक सूरज साव को भी गिरफ्तार कर लिया है, जो बिना सत्यापन के उसे अपने मकान में रख रहा था. पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है.