कायर समझा था क्या? फायर हूं मैं’, प्रशासन की रोक के बावजूद राहुल गांधी ने दरभंगा में छात्रों को किया संबोधित

Spread the love

ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

संस्थापक संपादक प्रवीण सैनी

दरभंगा: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी बिहार दौरे पर हैं. उन्होंने दरभंगा में अंबेडकर छात्रावास के छात्रों को संबोधित किया. हालांकि प्रशासन ने इस कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी थी लेकिन इसके बावजूद कांग्रेस नेता वहां पहुंचे और छात्रों से संवाद किया. ‘शिक्षा न्याय संवाद’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आपको एक साथ खड़ा होना है. बिहार की पुलिस ने मुझे रोकने की कोशिश की लेकिन मुझे नहीं रोक पाई, क्योंकि आप सभी की शक्ति मेरे पीछे है.
प्रशासन की रोक के बावजूद राहुल का संवाद: राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि नीतीश कुमार और बीजेपी की सरकार उनको दरभंगा में छात्रों से संवाद करने से रोक रही है लेकिन वह पीछे नहीं हटेंगे. उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार सामाजिक न्याय की स्थिति को छुपाना चाहती है.
“बिहार में एनडीए की डबल इंजन धोखेबाज सरकार मुझे अंबेडकर हॉस्टल में दलित और पिछड़े छात्रों से बातचीत करने से रोक रही है. संवाद कब से अपराध हो गया? नीतीश जी, आप किस बात से डर रहे हैं? क्या बिहार में शिक्षा और सामाजिक न्याय की स्थिति छुपाना चाहते हैं?”- राहुल गांधी, नेता, कांग्रेस

‘मेरे कहने पर जाति जनगणना का निर्णय’: इस दौरान कांग्रेस नेता ने दावा किया कि उनके कारण ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में जाति जनगणना कराने का फैसला लिया है. राहुल गांधी ने कहा कि हमने पीएम मोदी से कहा कि आपको जाति जनगणना करानी होगी, वे लोकतंत्र, संविधान और जाति जनगणना के खिलाफ हैं लेकिन आखिरकार एनडीए सरकार को कास्ट सेंसस पर फैसला लेना पड़ा.
“आप सभी छात्रों और युवाओं को एक साथ खड़ा होना है. बिहार की पुलिस ने मुझे रोकने की कोशिश की लेकिन वे मुझे नहीं रोक पाई क्योंकि आप सभी की शक्ति मेरे पीछे है. हमने प्रधानमंत्री मोदी से कहा कि आपको जाति जनगणना करानी पड़ेगी, और अब सरकार को झुकना पड़ा है.”- राहुल गांधी, नेता प्रतिपक्ष, लोकसभा
‘प्राइवेट संस्थानों में आरक्षण लागू करो’: राहुल गांधी ने कहा कि देश में दलितों, पिछड़ों, अतिपिछड़ों और आदिवासियों के साथ चौबीसों घंटे अन्याय होता है. आपके साथ भेदभाव होता है और आपको शिक्षा के सिस्टम में रोका जाता है. इसलिए हमारी मांग है कि सही तरीके से जातिगत जनगणना कराई जाए. प्राइवेट कॉलेज और यूनिवर्सिटी में आरक्षण लागू हो लेकिन नरेंद्र मोदी और बिहार सरकार ये कानून लागू नहीं कर रही है. इसलिए हम इनपर दबाव डालेंगे और ये करके दिखाएंगे.
क्या बोले कांग्रेस नेता?: वहीं, कांग्रेस नेता शकील अहमद खान ने कहा, ‘राहुल गांधी जद्दोजहद और तहरीक के इंसान हैं. वे संघर्षशील इंसान हैं, जो किसी आंधी-तूफान के आगे रुकते नहीं हैं. हमने प्रयास किया था कि हमें जाने दिया जाए क्योंकि हम वहां केवल संवाद करेंगे लेकिन प्रशासन ने हमें रोक दिया.’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *