ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
सह संपादक कपिल गुप्ता
नई दिल्ली : विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच चले संघर्ष के दौरान पाकिस्तान को कितना बड़ा नुकसान हुआ है, इसे कोई भी छिपाना चाहेगा, तो ऐसा नहीं कर सकता है. उन्होंने कहा कि सैटेलाइट से ली गई तस्वीरें बता रहीं हैं कि पाकिस्तान को बड़ा नुकसान पहुंचा है. विदेश मंत्री ने कहा कि इस दौरान हमें दुनिया के कई देशों का समर्थन मिला और हम अपना संदेश देने में भी सफल रहे.वह होंडुरास दूतावास के उद्घाटन पर एक सभा को संबोधित कर रहे थे. होंडुरास ने पहलगाम आतंकवादी हमले के समय भारत के पक्ष का समर्थन किया था. इसके लिए विदेश मंत्री ने आभार जताया.विदेश मंत्री ने कहा कि पाकिस्तान पर भारत का रूख पहले से ही साफ है. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय स्तर पर ही बातचीत होगी और इस मुद्दे पर किसी भी तीसरे पक्ष के हस्तक्षेप की कोई गुंजाइश नहीं है.
ऑपरेशन सिंदूर पर बोलते हुए विदेश मंत्री ने कहा कि हमारा लक्ष्य आतंकवादी ढांचा को नष्ट करना था और हमने इसे हासिल भी किया. उन्होंने कहा कि हमने पाकिस्तान को कहा था कि हमारा निशाना आतंकी ढांचा है, न कि पाकिस्तानी सेना. इसके बावजूद पाकिस्तान ने हमारी सलाह को नजरअंदाज कर दिया, और इसलिए 10 मई को पाकिस्तान को जो नुकसान हुआ, उसकी गवाही सैटेलाइट से ली गईं तस्वीरें दे रही हैं.
एस जयशंकर ने कहा कि यह सबको पता है कि गोलीबारी बंद करने की अपील कौन कर रहा था. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के साथ बातचीत सिर्फ दो मुद्दों पर होगी, पहला है पीओके और दूसरा मुद्दा है आतंकवाद. विदेश मंत्री ने कहा कि भारत का यह रूख सर्वसम्मति से बना है. पाकिस्तान को आतंकवादियों की सूची सौंपनी होगी और उन्हें उसे आश्रय देना छोड़ना होगा.
क्या सिंधु जल संधि स्थगित रहेगी, इस विषय पर विदेश मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बातों को ही दोहराया. उन्होंने कहा कि खून और पानी एक साथ नहीं बह सकते हैं. यानी सिंधु जल संधि पहले की तरह स्थगित रहेगी.