लखनऊ सरकारी भूमि पर चला बुलडोजर, 15 करोड़ की जमीन अतिक्रमण मुक्त कराई गई

Spread the love

ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

संस्थापक संपादक प्रवीण सैनी

लखनऊ मण्डलायुक्त लखनऊ मंडल और नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देश पर सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने के अभियान के तहत शुक्रवार को नगर निगम द्वारा बड़ी कार्रवाई की गई। यह अभियान नगर निगम के अपर नगर आयुक्त श्री पंकज श्रीवास्तव के निर्देशन में चलाया गया, जिसमें जोन-4 के ग्राम बाघामऊ और जोन-7 के ग्राम नौबस्ता कलां (तहसील सदर, जनपद लखनऊ) की सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया।

ग्राम नौबस्ता कलां की जमीन देवा रोड के पास है, जो वाणिज्यिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण मानी जाती है। यहां लंबे समय से कुछ प्रॉपर्टी डीलरों और बिल्डरों द्वारा सरकारी भूमि पर अवैध रूप से कब्जा किया गया था। इस अभियान में प्रभारी अधिकारी (संपत्ति) श्री संजय यादव और तहसीलदार श्री अरविंद पांडे की ओर से गठित टीम ने हिस्सा लिया। टीम का नेतृत्व नायब तहसीलदार श्री नीरज कटियार ने किया।

कार्रवाई के दौरान नगर निगम के लेखपाल श्री राकेश यादव, श्री लालू प्रसाद, श्री आलोक यादव, श्री सुभाष कौशल और श्री विनोद वर्मा की मदद से मौके पर जेसीबी मशीन से अस्थायी निर्माण हटाए गए। इस अभियान में थाना चिनहट के चौकी इंचार्ज श्री धनंजय सिंह भी अपनी टीम के साथ मौजूद रहे। अराजक तत्वों द्वारा किए गए विरोध के बावजूद पुलिस और प्रशासन की सूझबूझ से कार्रवाई शांतिपूर्वक पूरी की गई।

अभियान के दौरान ग्राम बाघामऊ में गाटा संख्या 178, क्षेत्रफल 0.094 हेक्टेयर तथा ग्राम नौबस्ता कलां में खसरा संख्या 577 (0.455 हे.), गाटा संख्या 596 (0.051 हे.), गाटा संख्या 641 (1.25680 हे.), गाटा संख्या 599 (2.47680 हे.) की जमीन से अतिक्रमण हटाया गया। कुल मिलाकर लगभग 1.5 हेक्टेयर सरकारी भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया, जिसकी बाजारी कीमत 15 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है।

जांच में यह भी सामने आया कि कारोबारी राकेश कुमार, जो कोका-कोला कंपनी के डीलर हैं, द्वारा इस जमीन पर गोदाम बनाया गया था। वहीं, प्रॉपर्टी डीलर देवा प्रसाद सिंह और उनके पुत्र उर्मिल सिंह द्वारा गाटा संख्या 641 व 599 पर अवैध प्लॉटिंग की गई थी और उस पर एक मोटर गैराज भी चलाया जा रहा था।

नगर निगम ने बताया कि इस अवैध कब्जे और सरकारी भूमि को नुकसान पहुंचाने के लिए चिनहट थाने में जल्द ही आपराधिक मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। साथ ही, नगर निगम द्वारा आगे भी ऐसे अतिक्रमण विरोधी अभियान लगातार जारी रहेंगे।

प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे सरकारी जमीन पर कोई भी निर्माण कार्य न करें अन्यथा कड़ी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *