लखनऊ नगर निगम ने ‘वृहद वृक्षारोपण अभियान’ की तैयारियों को दी अंतिम रूपरेखा

Spread the love

ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

संस्थापक संपादक प्रवीण सैनी

मुख्यमंत्री के वेबिनार संवाद में हुई सहभागिता

लखनऊ: नगर निगम लखनऊ द्वारा आगामी 09 जुलाई को प्रस्तावित वृहद वृक्षारोपण अभियान की तैयारियों को अंतिम रूप देने के क्रम में रविवार को नगर निगम मुख्यालय स्थित समिति कक्ष में एक विशेष वेबिनार आयोजित किया गया, जिसमें उत्तर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा प्रदेश भर के नगरीय निकायों को संबोधित करते हुए पर्यावरण संरक्षण की दिशा में व्यापक पहल के लिए प्रेरित किया गया।

इस वेबिनार में लखनऊ की महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी, माननीय पार्षदगण, अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविंद कुमार राव, चीफ टैक्स असेसमेंट ऑफिसर श्री अशोक सिंह एवं नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारीगण सम्मिलित हुए। सभी ने मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देशों को आत्मसात करते हुए अभियान की रूपरेखा साझा की और इसे जनसहभागिता से सफल बनाने का संकल्प लिया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने प्रदेशवासियों से ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण करने की भावनात्मक अपील की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं बल्कि यह प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने इसे जनआंदोलन बनाने की जरूरत पर बल दिया।

*लखनऊ में लगेंगे एक दिन में 1.37 लाख पौधे*

नगर निगम लखनऊ इस अभियान के अंतर्गत 09 जुलाई 2025 को एक दिन में कुल 1,37,312 पौधे लगाने का लक्ष्य लेकर चल रहा है। यह वृक्षारोपण नगर के विभिन्न हिस्सों में चरणबद्ध रूप से संपन्न किया जाएगा।

*विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए जाएंगे पूरे शहर में*

उद्यान अधीक्षक श्री गंगाराम गौतम ने बताया कि इस वृक्षारोपण अभियान के तहत पूरे शहर में एक लाख से अधिक पौधे रोपे जाएंगे। जिसमें पौधों में आम, सिंदूर बेल, आंवला, पीपल, नीम, बॉटल ब्रश, जामुन, कचनार, इमली, पाकड़, बरगद, रुद्राक्ष, पारिजात और अर्जुन के पौधे शामिल रहेंगे। इस दौरान नागरिकों से यह भी अपील भी की जाएंगी कि वे इन पौधों को “अपनाएं” और उनकी देखरेख करें ताकि यह वृक्ष भविष्य में छाया, फल और स्वच्छ वातावरण प्रदान कर सकें।

*प्रमुख स्थानों पर वृक्षारोपण की योजना:*

– नगर निगम के पार्कों में: 40,598 पौधे
– रसूलपुर कायस्थ (पार्ट-सी): 37,600 पौधे
– रसूलपुर कायस्थ (पार्ट-डी): 44,800 पौधे
– बरावन कलां गांव: 14,314 पौधे

महापौर की लोगों से अपील

इस अवसर पर महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने कहा कि, “यह अभियान आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ व हरित वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। लखनऊवासियों से आग्रह है कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और एक वृक्ष अपने मां के नाम पर जरूर लगाएं।”

नगर निगम की ओर से सभी जोनल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने और स्थानीय नागरिकों, सामाजिक संगठनों एवं स्कूल-कॉलेजों के सहयोग से वृक्षारोपण कार्यक्रम को सफल बनाने के निर्देश दिए गए हैं।

अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविंद कुमार राव ने बताया कि सभी लगाए गए पौधों के जियो-टैगिंग एवं सतत मॉनिटरिंग की भी व्यवस्था की गई है ताकि इनकी दीर्घकालिक सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। यह वृहद वृक्षारोपण अभियान न केवल लखनऊ को हरित बनाएगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रेरक उदाहरण भी प्रस्तुत करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *