ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
संस्थापक संपादक प्रवीण सैनी
नगर निगम लखनऊ ने स्वच्छता व्यवस्था को लेकर कसी कमर, कूड़ा प्रबंधन पर सख्त निर्देश जारी
लखनऊ लखनऊ नगर निगम ने स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सख्त और व्यवस्थित बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। अब यदि कोई व्यक्ति घर, दुकान, रेस्टोरेंट या किसी सार्वजनिक स्थान पर खुले में कूड़ा फेंकते हुए पाया गया, तो उसके विरुद्ध तुरंत चालान की कार्रवाई की जाएगी।
नगर स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा शहर के सभी जोनल सेनेटरी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं कि सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स, 2016 और नगर निगम अधिनियम, 1959 के अंतर्गत स्वच्छता संबंधी नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए।
नगर आयुक्त महोदय ने हाल ही में स्वच्छता के निरीक्षण के दौरान असंतोष व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को चेताया और कार्रवाई को तेज़ करने के निर्देश दिए।
*दिशा-निर्देशों के मुख्य बिंदु:*
1. घर, दुकान या रेस्टोरेंट से निकलने वाला कूड़ा केवल तय समय और स्थान पर ही डाला जाए। सार्वजनिक स्थल, नाली या सड़क पर कूड़ा डालना सख्त मना है। नियम तोड़ने पर सीधे चालान किया जाएगा।
2. खाद्य विक्रेताओं को अपनी दुकान के आस-पास स्वच्छता बनाए रखने का निर्देश दिया गया है। सड़क पर खाद्य अपशिष्ट फेंकने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
3. निर्माण सामग्री, प्लास्टिक और अन्य ठोस कचरे को सार्वजनिक स्थलों पर फेंकना वर्जित है। निर्धारित स्थानों पर ही इसका निस्तारण अनिवार्य है।
4. पोस्टर, बैनर और वाल राइटिंग जैसी गतिविधियों पर भी पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। अनधिकृत प्रचार-प्रसार पर आर्थिक दंड लगाया जाएगा।
*कड़ी निगरानी और जिम्मेदारी तय
नगर स्वास्थ्य अधिकारी ने सभी ZSO और SFI को आदेशित किया है कि वे प्रतिदिन सफाई कार्यों की निगरानी करें और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर बिना देरी के कार्रवाई करें। सभी जोनों में सफाईकर्मियों की सक्रियता बढ़ाने, रिपोर्टिंग व्यवस्था मजबूत करने और आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान भी चलाया जाएगा।
साथ ही यह निर्देश दिया गया है कि जोनवार मॉनिटरिंग प्रणाली को प्रभावी बनाया जाए और किसी भी लापरवाही की स्थिति में जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाए।
*नागरिकों से अपील*
नगर निगम लखनऊ ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे स्वच्छता नियमों का पालन करें और अपने आस-पास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने में निगम का सहयोग करें। “स्वच्छ लखनऊ – सुंदर लखनऊ” के संकल्प को सफल बनाने के लिए जनता की भागीदारी अनिवार्य है।