यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
संस्थापक संपादक प्रवीण सैनी
लखनऊ: लखनऊ नगर निगम द्वारा करदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। शनिवार, 12 जुलाई 2025 को सार्वजनिक अवकाश के बावजूद नगर निगम के सभी जोनल कार्यालय खुले रहेंगे, ताकि अधिक से अधिक भवन स्वामी अपने गृहकर का भुगतान समय पर कर सकें और 10% की छूट का लाभ प्राप्त कर सकें।
मुख्य कर निर्धारण अधिकारी श्री अशोक सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि यदि कोई भवन स्वामी पहले यूजर चार्ज का एकमुश्त भुगतान करता है और उसके बाद अपना गृहकर जमा करता है, तो उसे गृहकर पर 10 प्रतिशत की विशेष छूट दी जाएगी। यह सुविधा केवल 31 जुलाई 2025 तक ही लागू है।
इसके तहत 12 जुलाई को सभी जोनल कार्यालयों में प्रातः 10:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक गृहकर संबंधित कार्य संपन्न किए जाएंगे। यह विशेष व्यवस्था उन नागरिकों के लिए है जो सप्ताह के अन्य दिनों में कार्यस्थल व्यस्तता के कारण भुगतान नहीं कर पाते।
माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी ने लखनऊ वासियों से अपील की है कि वे समय रहते यूजर चार्ज और गृहकर जमा कर नगर निगम की इस पहल का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि समय पर कर भुगतान न केवल करदाता को लाभ देता है, बल्कि शहर के विकास एवं नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने में भी मदद करता है।
नगर निगम ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे इस विशेष अवसर का लाभ लें और लखनऊ को एक स्वच्छ, सुव्यवस्थित और विकासशील शहर बनाने में अपना योगदान दें।